रायपुर

खरोरा के ट्रांसपोर्ट कारोबारी से धोखाधड़ी
12-Feb-2026 6:07 PM
खरोरा के ट्रांसपोर्ट कारोबारी से धोखाधड़ी

80 हजार मासिक किराए पर माजदा लेकर नागपुर का युवक फरार

पड़ोसियों ने बताया कई लोगों का लाखों रूपए खाया, घर भी बेंच लापता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 फरवरी। राजधानी के डीडी नगर इलाके में अमानत में खयानत का मामला सामने आया है। खरोरा निवासी पोषण देवांगन ने नागपुर के रहने वाले विक्की दिलीप कुमार डोंडवानी पर धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का आरोप लगाया है। डीडी नगर पुलिस ने  शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ 316-2 का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक महामाया चौक, वार्ड 5 खरोरा निवासी पोषण देवांगन ने 24 दिसंबर 2025 को टाटा 1512 एलपीटी सीजी04 पीएन 8299 वाहन खरीदा था। जो आरटीओ रायपुर में रजिस्टर कराया गया।

गाड़ी खरीदने के बाद पोषण देवांगन ने अपनी गाड़ी को25 दिसंबर 2025 को विक्की दिलीप कुमार डोंडवानी, निवासी स्नेहल नगर दिघोरी रोड, नागपुर को 80 हजार रुपए प्रतिमाह किराए पर इकरारनामा कर दिया था। इसके बाद नोटरी के माध्यम से किरायानामा तैयार कर वाहन के दस्तावेज विक्की को दिए गए थे। साथ ही इसके लिए किक्की से तीन चेक भी लिए गए। जिसके बाद किक्की उसे हर माह किराए की राशी भी देता रहा। जब पोषण को 1 जनवरी 2026 को किसी काम के लिए गाड़ी की जरूरत हुई तो उसने अपने मोबाइल फोन से गाड़ी मांगने के लिए किक्की को फोन किया गया। जिसमें उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। जब जब इसकी जानकारी लेने पोषण उसके बताए गए  नागपुर स्थित पते पर पहुंचे तो पता चला कि आरोपी अपना मकान बेचकर कहीं चला गया है, और आसपास के लोगों का भी पैसा लेकर फरार है। तब गाडी़ में लगे जीपीएस से लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया गया तो वो भी बंद था। इस प्रकार आरोपी ने धोखाधड़ी की नियत से वाहन लेकर उसे बेच कर फरार हो गया।

डीडी नगर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 316(2) सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।


अन्य पोस्ट