रायपुर

कलेक्टर का पंचायत दफ्तर-स्कूलों का औचक निरीक्षण, मध्यान्ह भोजन का हाल जाना
12-Feb-2026 6:05 PM
कलेक्टर का पंचायत दफ्तर-स्कूलों का औचक निरीक्षण, मध्यान्ह भोजन का हाल जाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 फरवरी। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने गुरुवार को मंदिर हसौद के स्कूलों, और पंचायत दफ्तर का अचानक निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूलों के कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से पढ़ाई की जानकारी ली।  कलेक्टर डॉ. सिंह ने शिक्षकों की उपस्थिति जांची साथ ही मध्यान्ह भोजन, शौचालय और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्कूल के सामने तंबाकू बेचने पर एक पान ठेला को सील करने के आदेश भी दिए।

कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की जांच करते हुए सब्जी, और निर्धारित मेन्यू की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद भी किया। कक्षा चौथी की छात्रा पुनेश्वर नौरंगे से 4 का पहाड़ा पूछने पर छात्रा ने सही तरीके से सुनाया, जिस पर कलेक्टर ने उसकी सराहना की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई और भोजन व्यवस्था के संबंध में भी फीडबैक लिया।

मंदिर हसौद दौरे के दौरान कलेक्टर ने अमृत मिशन योजना के तहत निर्मित पानी टंकी का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के अफसरों को निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला के सामने एक पान ठेले पर तंबाकू की बिक्री पाई गई। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके तहत ठेला सील किया गया।

मंदिर हसौद ब्लॉक में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ‘बिहान’ समूह द्वारा संचालित पिंक ई-रिक्शा में सवार होकर शासकीय स्कूल, पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। महिला स्वावलंबन को बढ़ावा देते हुए वे योजनाओं की जमीनी स्थिति का अवलोकन किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम श्रीमती अभिलाषा पैकरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट