रायपुर
रायपुर, 12 फरवरी। छत्तीसगढ़ कहार भोई समाज महासभा में चुनाव परिणाम को लेकर प्रत्याशियों ने आपत्ती जताई है। चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगा है। समाज के चुनाव में अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए मतदान सम्पन्न हुआ था। चुनाव के बाद प्रत्याशी भुवन अवसरिया, पुष्कर कहार, शिव भोई, प्रशांत नायक, योगेश कश्यप सहित विभिन्न राज/क्षेत्रीय अध्यक्षों ने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी होने का आरोप लगाया। इन सभी ने संयुक्त रूप से चुनाव अधिकारी के समक्ष दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर निष्पक्ष जांच की मांग की और जांच पूरी होने तक परिणाम घोषित न करने का अनुरोध किया।आपत्ति दर्ज कराने वालों का कहना है कि दावा-आपत्ति के निराकरण से पूर्व ही चुनाव अधिकारी ने परिणाम घोषित कर दिए गए। घोषित परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद पर ईश्वरी मानस, सचिव पद पर संजय बनवासी तथा कोषाध्यक्ष पद पर मिथलेश बोयर को निर्वाचित घोषित किया गया है। प्रत्याशियों ने लंबित आपत्तियों के बावजूद परिणाम जारी करने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने मांग की है कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच पूर्ण होने तक घोषित परिणामों पर रोक लगाई जाए।


