रायपुर
विधायक ने 'छत्तीसगढ़' से चर्चा में कहा- दौरे पर जरूर जाएंगे...
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 11 फरवरी। विधायक विक्रम मंडावी के 12 फरवरी को प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को सुरक्षा कारणों से स्थगित करने का आग्रह किया गया है। इस सिलसिले में बीजापुर एसपी ने विधायक मंडावी को पत्र लिखा है।
हालांकि विधायक विक्रम मंडावी ने 'छत्तीसगढ़Ó से चर्चा में कहा कि सुरक्षा देना सरकार का काम है। सरकार सुरक्षा नहीं दे पा रही है, तो यह उनका विषय है। वे दौरे पर जरूर जाएंगे।
बताया गया कि विधायक मंडावी का 12 फरवरी को प्रात: 8 बजे भैरमगढ़ से रवाना होकर थाना भोपालपटनम क्षेत्र अंतर्गत अंदरूनी गांवों में ग्रामीणों से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित था। प्रस्तावित ग्रामों में पिलूर, एडापल्ली, सण्ड्रा, छोटेकेरकेल और गुडुम सहित अन्य गांव शामिल हैं।
बीजापुर एसपी ने पत्र में उल्लेख किया है कि उक्त क्षेत्र नक्सल प्रभावित एवं आंतरिक इलाका है, जहां सड़क मार्ग कच्चा है तथा नक्सल गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। सुरक्षा दृष्टि से वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए प्रस्तावित दौरे को स्थगित करने का अनुरोध किया गया है। पत्र की प्रतिलिपि संबंधित राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, कंट्रोल रूम बीजापुर तथा संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है।
इससे अच्छी तो हमारी सरकार थी...
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने फेसबुक पर लिखा कि मार्च में नक्सली जड़ से ख़त्म होने वाले हैं, ऐसा अमित शाह कहते हैं। विधायक दौरे पर नहीं जा सकते, ऐसा भाजपा की सरकार कहती है। तो सच क्या है, अगर अभी भी नक्सल गतिविधियां चल रही हैं तो ख़त्म क्या हो रहा है? इससे अच्छी तो हमारी सरकार थी जब विधायक बेरोकटोक दौरा तो कर पा रहे थे।


