रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 फरवरी। मेडिकल कॉलेज अस्पताल रायपुर के हार्ट-चेस्ट एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग ने एक जटिल सर्जरी में सफलता हासिल की है। डॉक्टरों ने एक युवक के कंधे पर चाकू से हुए हमले में बुरी तरह क्षतिग्रस्त मुख्य रक्त नली (सबक्लेवियन आर्टरी) को जोडक़र उसकी जान बचाई और हाथ को कटने से बचाया।
इस सर्जरी में कॉलर बोन को काटकर कृत्रिम नस लगाई गई। लगभग 4 घंटे चले ऑपरेशन में डॉक्टरों ने मरीज का हाथ बचाने में सफलता पाई। मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ है और अपने रोजमर्रा के कार्यों में वापस लौट चुका है।
यह सर्जरी डॉ. कृष्णकांत साहू के नेतृत्व में की गई, जिसमें ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. प्रणय श्रीवास्तव और एनेस्थेटिस्ट डॉ. संकल्प दीवान भी शामिल थे।
डॉ. साहू ने बताया कि सबक्लेवियन आर्टरी का दूसरा भाग (सेकंड पार्ट) अत्यंत संवेदनशील होता है और छाती के भीतर कॉलर बोन के पीछे स्थित रहता है। अत्यधिक रक्तस्राव की आशंका को देखते हुए कॉलर बोन को काटकर धमनी तक पहुंच बनाई गई। जांच में धमनी लगभग 3 सेंटीमीटर तक पूरी तरह नष्ट पाई गई, जिसे 7म30 मिमी डैक्रॉन ग्राफ्ट से जोड़ा गया। ऑपरेशन के दौरान लगभग पांच यूनिट रक्त चढ़ाया गया। चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाथ में पुन: रक्त प्रवाह शुरू हुआ।
सफल सर्जरी और समय पर इलाज के चलते मरीज का हाथ बच गया और गैंग्रीन की स्थिति नहीं बनी।