रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 फरवरी। आरंग-खरोरा मार्ग पर कल शाम एक सडक़ हादसा हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई। वहीं एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि धान से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को रौंद दिया। घटना में ग्राम गुल्लू निवासी नंदकिशोर लोधी अपनी मां राजकुमारी लोधी और रिश्तेदार कुंतीबाई लोधी के साथ शादी समारोह से लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बजरंग केमिकल डिस्टलरी कंपनी के पास पहुंची, सामने से आ रहे धान से भरे ट्रक ने नियंत्रण खोते हुए सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर ही कुंतीबाई लोधी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नंदकिशोर और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान नंदकिशोर लोधी ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार होने लगा, लेकिन उसकी कोशिश नाकाम रही। आरंग थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक का पीछा कर नवापारा–राजिम रोड पर ग्राम चरौदा के पास ट्रक को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
जांच में सामने आया कि चालक शराब के नशे में था और लापरवाही से भारी वाहन चला रहा था। पुलिस ने ट्रक जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। गंभीर रूप से घायल राजकुमारी लोधी की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ 106-1,125ए और 281 का अपराध दर्ज दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


