रायपुर

सूने मकानों में सेंधमारी, दो घरों से 3 लाख के जेवरात पार
07-Feb-2026 7:54 PM
सूने मकानों में सेंधमारी, दो घरों से 3 लाख के जेवरात पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर,7 फरवरी। राजधानी से लगे गोबरानवापारा और धरसीवां थाना इलाकों में बीती रात दो घरों में चोरी हो गई। अज्ञात चारों ने सूना मकान देख वहां से लाखों रूपये के जेवर पर हाथ साफ कर दिया।  बताया जा रहा है कि गोबरानवापारा के ग्राम भूरका के कृषक के घर में उस समय चोरी हुई, जब पूरा परिवार बेटी के घर बच्चे के नामकरण संस्कार कार्यक्रम में गया हुआ था। इस दौरान घर में कोई नहीं था।  युगल किशोर ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है।

6 फरवरी 2026 की सुबह पड़ोसी ईशा पटेल ने फोन कर सूचना दी कि घर का दरवाजा खुला है और सामान बिखरा पड़ा है। सूचना पर जब परिवार सहित घर पहुंचा तो कमरे में रखा दीवान, पलंग और अलमारी टूटी हुई मिली। दीवान व पलंग के अंदर रखे पेटी से शादी के लिए खरीदे गए सोने-चांदी के जेवरात और 500 रुपये नकद गायब थे। चोरी गए सामान में सोने का गुलबंद, झुमके, चांदी की करधन, पायल, बिछिया सहित 1 लाख 25 हजार रुपये की संपत्ति नहीं थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

धरसींवा के पुलिस चौकी सिलयारी क्षेत्र में भी अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। वहंा से नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। मामले की शिकायत प्रतिमा कश्यप ने दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि 4 फरवरी 2026 को वह अपने बेटे की शादी में शामिल होने ग्राम तरेसर गई थी। घर पर ताला लगाकर उनकी मां भी बाद में शादी में शामिल होने चली गई थी। 5 फरवरी की रात जब परिजन वापस घर पहुंचे तो दोनों गेटों के ताले टूटे हुए मिले। घर के अंदर कमरे की अलमारी का लॉक टूटा हुआ था, जिसमें रखे लगभग 1.50 लाख रुपये नकद, सोने -चांदी के जेवर कुल 1 लाख 80 हजारचोरी हुए। सूचना पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट