रायपुर
रायपुर, 7 फरवरी। 7 एवं 8 फरवरी को छत्तीसगढ़ आंकोलॉजी एसोसिएशन, क्षेत्रीय कैंसर संस्थान रायपुर एवं संजीवनी कैंसर केयर फाउंडेशन रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में इंडियन एसोसिएशन ऑफ सर्जिकल ऑन्कोलॉजी का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
इस दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से 200 से अधिक राष्ट्रीय स्तर के कैंसर सर्जन तथा छत्तीसगढ़ राज्य से लगभग 300 सर्जन भाग ले रहे हैं। सम्मेलन की गरिमा उस समय और बढ़ गई जब इंडियन एसोसिएशन ऑफ सर्जिकल ऑन्कोलॉजी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुब्रमणेश्वर राव एवं महासचिव डॉ. नरेंद्र होलिकल स्वयं रायपुर पहुंचे और कार्यक्रम में सहभागिता की।
सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय स्तर के तीन प्रतिष्ठित विशेषज्ञ वक्ता भी शामिल हुए हैं, जिनमें एक सिंगापुर से तथा दो दक्षिण कोरिया से आए हुए वरिष्ठ कैंसर सर्जन हैं। सिंगापुर से आए अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कैंसर सर्जन डॉ. जिमी सो ने गैस्ट्रिक कैंसर के आधुनिक उपचार एवं शल्य चिकित्सा प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा की तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनाई जा रही नवीन तकनीकों और उपचार पद्धतियों की जानकारी साझा की।


