रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 फरवरी। प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को अब उनके व्हाट्स एप नंबर पर बिल भेजा जाएगा। वे इस बिल का पीडीएफ डाउनलोड करके सुरक्षित रख सकेंगे, उसका प्रिंट भी निकाल सकेंगे। इसमें उन्हें एक क्लिक करके बिल भुगतान की सुविधा भी मिलेगी। यह व्हाट्स एप मैसेज छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के आफिसियल वेरीफाइड आईडी से भेजी जाएगी, जिसमें अधिकृत ब्लूटिक लगी रहेगी।
प्रदेश में 65 लाख उपभोक्ता हैं, जिसमें से 40 लाख उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर कंपनी में रजिस्टर्ड हैं। उनमें से 30 लाख उपभोक्ता व्हाट्सएप उपयोग कर रहे हैं। पॉवर कंपनी इस सुविधा का लाभ लेते हुए उपभोक्ताओं तक व्हाट्सएप के माध्यम से बिजली बिल भेजेगी।
पॉवर कंपनीज़ के अतिरिक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि इसका सीधा फायदा उपभोक्ता को यह होगा कि उन्हें मोबाइल पर पूरा डिटेल बिल पीडीएफ के रूप में प्राप्त हो जाएगा। साथ ही उन्हें एक क्लिक पर भुगतान की सुविधा भी प्राप्त हो जाएगी। यह सूचना उन्हें हिन्दी के अलावा छत्तीसगढ़ी व अंग्रेजी में प्राप्त होगी, इसके लिए वे मनपसंद भाषा का चयन मोर बिजली एप में भाषा चयन (लैंग्वेज प्रिफरेंस) के विकल्प से कर सकते हैं। यह व्हाट्सएप संदेश उन्हें आफिसियल आईडी छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) से भेजा जाएगा, जिसमें भीतर आफिसियली वेरीफाइड मोबाइल नंबर 942555-1912 दर्ज रहेगा।
जिन उपभोक्ताओं के व्हाट्सएप नंबर रजिस्टर्ड नहीं हैं, उन्हें इस सुविधा का लाभ लेने के लिए अपना नंबर रजिस्टर्ड कराना होगा। मोबाइल नंबर रजिस्टर कराने के लिए बिजली उपभोक्ता मोर बिजली एप या टोल फ्री नंबर 1912 पर फोन करके या अपने बिजली ऑफिस से संपर्क कर सकते है।
कैसे रजिस्टर्ड कराएं मोबाइल नंबर
उपभोक्ताओं को अपने व्हाट्स एप नंबर रजिस्टर्ड कराने के लिए टोलफ्री नंबर 1912 में डायल करना होगा या फिर मोर बिजली एप के जरिए नंबर दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपना उपभोक्ता क्रमांक (10 अंकों वाला बीपी नंबर) के साथ आखरी बिल भुगतान की तारीख व राशि बतानी होती है। इस वेरीफिकेशन के पश्चात् उनका नंबर रजिस्टर्ड कर लिया जाएगा, जिसके बाद उन्हें भी व्हाट्सएप से बिजली बिल मिलने लगेगा।


