रायपुर
बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खामगांव शाखा में जमा हुए फ्रॅाड के पैसे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 फरवरी। राजधानी के पंडरी इलाके से साबर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने वकील को मोबाइल लिंक और एपीके फाइल भेजकर 98,000 रुपए ऑनलाइन धोखाधड़ी कर ली। शिकायत पर पुलिस ने आईटी एक्ट 66 डी और 318-4 तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अतुल कुमार मिरानी निवासी ए/2 एल.आई.सी. कॉलोनी, मोवा, पेशे से अधिवक्ता हैं। उनका छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, सड्डू शाखा में खाता है, जिसमें वे फोन-पे एप का उपयोग करते हैं।
उसने बताया कि 19 दिसंबर 2025 को उनके खाते से 1299 रुपए ऑटो-पे से कट गए थे। जिसे वापस लेने के लिए उसने गूगल पर फोन-पे कस्टमर केयर नंबर सर्च किया। जिसके बाद उसने दिए गए मोबाइल नंबर 92290-71202 और 87894-24628 पर संपर्क किया। जिसमें ठगों ने स्वयं को फोन पे कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताते हुए व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा। जब अतुल ने लिंक ओपन किया तो पहले उसके खाता से 1 रुपए की कटौती हुई। पूछे जाने पर आरोपियों ने प्रोसेस बताया। इस पर अतुल को कोई संदेह नहीं हुआ। इसके बाद ठगों ने एक एपीके फाइल भेजी, जिसे डाउनलोड कर परमिशन देने पर उसके बैंक खाते से दो बार में कुल 98,000 रुपए निकाल लिए गए। पैसा कटने की जानकारी होने पर उसने बैंक में पूछताछ की तो पता चला की उसके खाते से महराष्ट्र के किसी बैंक में पैसा ट्रांसफर होना बताया गया। यह खाला बैंक ऑफ महाराष्ट्र, खामगांव शाखा, जिला बुलढाणा का था। उक्त खाते के धारक का नाम परितोष सुधाकर हिवराले बताया गया है।
साइबर पोर्टल पर भी की गई शिकायत
अतुल ने ठगी होने पर तत्काल घटना की शिकायत साइबर पोर्टल के टोल फ्री नंबर 1930 पर भी दर्ज कराई है। इसके बाद उसने मोवा थाना जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धारा 318(4) समेत धारा 66(डी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। अज्ञात आरोपी के मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और डिजिटल ट्रेल के आधार पर जांच की जा रही है।


