रायपुर

12 को ट्रेड यूनियन की हड़ताल
06-Feb-2026 7:36 PM
12 को ट्रेड यूनियन की हड़ताल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 फरवरी। देश के सभी ट्रेड यूनियन 12 फरवरी को  अखिल भारतीय हड़ताल पर  रहेंगे। यह हड़ताल मोदी सरकार द्वारा श्रम कानूनों में किए गए बदलाव के विरोध में होगी।ट्रेड यूनियन सेंटर ऑफ इंडिया (टीयूसीआई) की केंद्रीय समिति ने इस हड़ताल में सभी राज्य समितियों, जिला समितियों और संबद्ध ट्रेड यूनियनों की सक्रिय व पूर्ण भागीदारी  का आह्वान किया है।

केंद्रीय समिति ने अपने जारी बयान में कहा है कि फासिस्ट आरएसएस–मोदी सरकार द्वारा अमेरिका के साथ किया गया हालिया आर्थिक समझौता देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ गंभीर विश्वासघात है। संगठन का आरोप है कि इस समझौते के तहत भारत ने अमेरिकी साम्राज्यवाद के दबाव में अपनी आर्थिक संप्रभुता गिरवी रख दी है।

बयान में कहा गया कि इस समझौते से अमेरिका को भारतीय उत्पादों पर शुल्क बढ़ाने का अधिकार मिल गया है, जबकि भारत में अमेरिकी उत्पादों को शुल्क-मुक्त प्रवेश दिया गया है।

टीयूसीआई के अनुसार, इस नीति के चलते भारतीय उत्पादों की कीमतें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिर गई हैं, जबकि भारत में अमेरिकी उत्पादों के लिए बड़े बाजार और ऊंचे मुनाफे की गारंटी सुनिश्चित की गई है। संगठन ने इसे देश की अर्थव्यवस्था के लिए खतरनाक स्थिति बताते हुए कहा कि इसका सीधा असर मजदूरों और किसानों पर पड़ रहा है।


अन्य पोस्ट