रायपुर
अभनपुर के 719 मतदाताओं के नाम गायब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 फरवरी। प्रदेश कांग्रेस ने एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। इस सिलसिले में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू मतदाता सूची से नाम हटाए लोगों को मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को जानबूझकर जटिल और तकनीकी बनाया गया है, जिससे आम नागरिक—विशेषकर गरीब, अल्पसंख्यक, ग्रामीण, बुजुर्ग और कमजोर वर्ग—समझ ही नहीं पा रहे हैं कि उनके नाम क्यों काटे जा रहे हैं। इससे पहले साहू ने कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल के साथ सीईओ यशवंत कुमार से भेंट कर कटे नामों की पूरी सूची सौंपी।
साहू ने बताया कि इस प्रक्रिया का प्रत्यक्ष परिणाम यह हो रहा है कि हजारों जीवित और उसी स्थान पर निवास करने वाले मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं, जिससे वे अपने संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अभनपुर विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में लगभग 719 ऐसे मतदाता पाए गए हैं, जो जीवित हैं और वर्षों से उसी गांव-वार्ड में निवास कर रहे हैं, इसके बावजूद गलत और झूठी शिकायतों के आधार पर उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। पार्टी का आरोप है कि यह कोई प्रशासनिक भूल नहीं, बल्कि सुनियोजित राजनीतिक साजिश है।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों द्वारा बीएलओ पर दबाव बनाकर झूठी रिपोर्ट तैयार करवाई जा रही है कि संबंधित मतदाता गांव में निवास नहीं करता, जबकि वास्तविकता यह है कि वे आज भी वहीं रह रहे हैं।
पार्टी ने चेतावनी दी कि यह पैटर्न केवल एक विधानसभा तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में लागू किए जाने की आशंका है। फर्जी आपत्तियों, फर्जी हस्ताक्षरों और झूठे नामों के आधार पर मतदाता सूची से नाम हटाने का संगठित अभियान चलाया जा रहा है।
प्रति घंटा लगभग 70 पीएम आवास का निर्माण असंभव - विकास
रायपुर, 6 फरवरी। पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने एक बयान में कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पीएम आवास को लेकर झूठा आंकड़ा पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि 10 माह 4 दिन में 5 लाख आवास का निर्माण हो जाना असंभव है।सरकारी आंकड़ों के अनुसार प्रति घंटा लगभग 70 आवास का निर्माण बताया गया है। विकास ने पूछा कि सरकार के द्वारा दिए आंकड़ों का भौतिक सत्यापन किसने किया बताए।छत्तीसगढ़ की सरकार अपने ही हाथ से अपना पीठ थपथपाने का काम कर रही है, जबकि वास्तविकता कुछ अलग बयां कर रही है। उपाध्याय ने कहा कि राजधानी में सैकड़ो परिवार ऐसे हैं जो पीएम आवास के नाम पर नगर निगम के चक्कर काट काट कर थक गए हैं । भाजपा सरकार वाहवाही लुटने के लिए खुद अपना पीठ थपथपा रही है। जबकि वास्वतिकता जानना है तो मेरे साथ चले निगम एवं सरकारी दफ्तरों में आवस के लिए रोज हजारो लोग भटक रहे है उनसे रूबरू कराता हु।


