रायपुर

अब एनआईटी रायपुर में भी रक्षा अनुसंधान डीआईएटी पुणे के साथ समझौता
04-Feb-2026 6:15 PM
अब एनआईटी रायपुर में भी रक्षा अनुसंधान डीआईएटी पुणे के साथ  समझौता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 फरवरी। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर,और रक्षा उन्नत प्रौद्योगिकी संस्थान (डीआईएटी), पुणे, के बीच पाँच वर्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

यह समझौता रविवार को एनआईटी के निदेशक प्रोफेसर एन. वी. रमण राव और रक्षा उन्नत प्रौद्योगिकी संस्थान पुणे के कुलपति डॉ. बी. एच. वी. एस. नारायण मूर्ति की  उपस्थिति में हुआ । इस अवसर पर डॉ. एस. सान्याल, अधिष्ठाता (कॉरपोरेट संबंध एवं संसाधन संग्रहण) सहित दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

इस समझौते के माध्यम से दोनों संस्थान संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, सह-लेखित शोध प्रकाशनों, शिक्षण गतिविधियों, पाठ्यक्रम विकास तथा विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए वैज्ञानिकों, संकाय सदस्यों और शोधकर्ताओं के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करेंगे। इस सहयोग की एक प्रमुख विशेषता संयुक्त रूप से अभिकल्पित स्नातकोत्तर शैक्षणिक कार्यक्रमों की संभावनाओं का अन्वेषण है, जिसके अंतर्गत स्नातकोत्तर  एवं शोध (पीएच.डी.) विद्यार्थियों का सह-पर्यवेक्षण शामिल होगा।

समझौते के तहत दोनों संस्थानों को विशेष प्रयोगशालाओं, उन्नत सॉफ्टवेयर और अनुसंधान अवसंरचना तक पारस्परिक पहुँच भी प्राप्त होगी, जिससे अनुसंधान एवं नवाचार को नई गति मिलेगी। इसके अतिरिक्त, संयुक्त प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों, अल्पकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों, संकाय विकास पहलों तथा रक्षा अनुप्रयोग उन्मुख कौशल विकास कार्यक्रमों की भी परिकल्पना की गई है।

समझौता ज्ञापन में उभरते हुए और रणनीतिक महत्व के कई प्रमुख क्षेत्रों को लक्षित सहयोग हेतु चिन्हित किया गया है, जिनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग, साइबर सुरक्षा, डेटा विज्ञान, डिजिटल फॉरेंसिक, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, रोबोटिक्स, नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकी, क्वांटम कंप्यूटिंग तथा अन्य रणनीतिक एवं उन्नत प्रौद्योगिकियाँ शामिल हैं। इन क्षेत्रों में संयुक्त उत्कृष्टता केंद्रों (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) की स्थापना की संभावनाएँ भी तलाशी जाएँगी। एन?आईटी के कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग से डॉ. नितेश के. भारद्वाज तथा यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग के सह-प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील चंदेल को दोनों संस्थानों की ओर से नामित किया गया है।


अन्य पोस्ट