रायपुर

अज्ञात लडक़ों ने मजदूर से की मारपीट, मुजगहन में ब्लेड मारा
03-Feb-2026 7:42 PM
अज्ञात लडक़ों ने मजदूर से की मारपीट, मुजगहन में ब्लेड मारा

अपार्टमेंट मेंटेनेंस को लेकर इंजीनियर से मारपीट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 फरवरी। राजधानी में मारपीट और गाली गलौज के मामले सामने आए हैं। इस बीच हाथ मुक्कों और धारदार चीज से हमला हुआ। इसी बीच अभनपुर इलाके के ग्राम सारखी-खोरपा के पास अज्ञात युवकों ने एक मजदूर के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। यशवंत कुमार ने पुलिस को बताया कि वह 31 जनवरी को दोपहर लगभग 3 बजे बाइक से सामान खरीदने बाजार जा रहा था। इसी दौरान पेशाब करने के लिए वह नाले के पास रुका था, तभी बाइक सवार दो से तीन युवक वहां आए और बिना वजह गाली-गलौच शुरू कर दी। मना करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

उसमें से एक ने अपने पास रखे की किसी धारदार चीज से युवराज पर हमला कर दिया।  हमले में उसे पीठ, और हाथ में चोट आई है। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उधर मुजगहन में पुरानी रंजिश में युवक पर ब्लेड से हमला हुआ। घटना ग्राम कांदूल के पास की है। सनत ने पुलिस को बताया कि 1 की शाम  7 बजे वह दुर्गा मंदिर से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में  गोपाल सोनकर ने उसके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर जेब से ब्लेड निकालकर उसके बाएं गाल पर वार कर दिया। हमले में गाल कट गया और काफी खून बहा। मौके पर मौजूद कृष्णाकांत धु्रव व शैलेन्द्र धु्रव ने बीच-बचाव किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिविल लाइन के गुलशन अपार्टमेंट में मेंटेनेंस राशि को लेकर इंजीनियर से मारपीट हो गया।  नियाज अली, जो पेशे से इंजीनियर व ठेकेदार हैं, ने बताया कि 2 फरवरी की शाम अपार्टमेंट में रहने वाला मोहम्मद अजहर उनके घर आया और पैसे को लेकर गाली-गलौच करने लगा। मना करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और लातों से मारपीट की। घटना में नियाज को चोट आई है। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट