रायपुर

तेलीबांधा तालाब किनारे फिलहाल पार्किंग शुल्क नहीं- मेयर
02-Feb-2026 6:55 PM
तेलीबांधा तालाब किनारे फिलहाल पार्किंग शुल्क नहीं- मेयर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 फरवरी। आम लोगों के विरोध को कांग्रेस का बल मिलने के बाद तेलीबांधा तालाब के पास पार्किंग शुल्क वसूली पर निगम को  अपने कदम वापस लेना पड़ा। रविवार शाम महापौर मीनल चौबे ने साफ  कहा कि अभी तालाब किनारे पार्किंग शुल्क लागू नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि सडक़ पर खड़े वाहनों से शुल्क वसूलना व्यवहारिक नहीं है और इससे अव्यवस्था बढ़ सकती है।

महापौर के अनुसार, अगले 15 दिनों तक क्षेत्र की निगरानी करने का फैसला लिया है। इस दौरान यह देखा जाएगा कि लोग किस तरह पार्किंग कर रहे हैं और समस्या की वास्तविक तस्वीर क्या है। तालाब के दूसरी ओर मौजूद बड़े कॉमर्शियल प्रतिष्ठानों पर महापौर ने कहा कि इन संस्थानों में आने वाले लोग अक्सर अपने वाहन तालाब की ओर सडक़ किनारे खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। हालांकि, इस पर नियंत्रण का अधिकार नगर निगम के बजाय यातायात पुलिस के पास है।

अब आगे की रणनीति तय करने के लिए निगम पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बैठक करेगा। उसके बाद निर्णय लिया जाएगा।


अन्य पोस्ट