रायपुर

पुराना बस स्टैंड के पास मजदूर से चाकू की नोंक पर लूट
01-Feb-2026 5:45 PM
पुराना बस स्टैंड के पास मजदूर से चाकू की नोंक पर लूट

रायपुर, 1 फरवरी। गोलबाजार इलाके में पुराना बस स्टैंड के पास शुक्रवार रात चाकू की नोंक पर लूट और मारपीट की घटना सामने आई है। बदमाशों ने मजदूर रामप्रसाद पर हमला कर उसकी जेब से 6,850  लूट कर मौके से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 गोलबाजार पुलिस के मुताबिक 31 जनवरी को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि पुराना बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति को चाकू मार दिया गया है। सूचना पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में घायल रामप्रसाद साहू, निवासी ग्राम परसदा मानपुर तुलसी, नेवरा ने पुलिस को बताया कि वह गांधी मैदान मजदूर चौक में मजदूरी करता है और हाल ही में स्टार केटरर्स में 13 दिन काम किया था, जिससे उसे 7,000 मजदूरी मिली थी। कल शाम को वह शराब पीकर पुराना बस स्टैंड के पास लेटा हुआ था।

रात 11.45 बजे, मजदूरी करने वाला परिचित व्यक्ति रुस्तम, अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और उसके लोवर की जेब में रखे पैसों को लूटने का प्रयास करने लगा। विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने एक राय होकर गाली गलौज की। इस बीच रुस्तम ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में रामप्रसाद के दाहिने हाथ, माथे, कोहनी में चोटें आई हैं। आरोपियों ने लोवर की जेब काटकर 6,850 नगद लूट लिए और शराब भट्टी की ओर भाग गए। आसपास के लोगों ने  डायल 112 पर कॉल किया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 296, 309(6), 118(1), 3(5)  के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।


अन्य पोस्ट