रायपुर
ढिलाई पर भडक़े विधायक सोनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 जनवरी। भाठागांव सडक़ निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर शनिवार को रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने आज निर्माण स्थल में जाकर निगम अफसरों और ठेकेदार से चर्चा की, और 15 मार्च तक सडक़ निर्माण नहीं होने पर ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने के लिए निर्देशित किया है।
भाठागांव इलाके की सडक़ काफी लंबे समय से खराब है। स्थानीय लोग सडक़ निर्माण के लिए गुहार लगाते रहे हैं। विधायक सुनील सोनी की पहल पर राशि मंजूर हुई, और काम भी शुरू हुआ। उन्होंने भाठागांव चौक से रिंग रोड, शीतला चौक दतरेंगा मोड में नगर पालिक निगम के 15वें वित आयोग से बनने वाले सडक़ निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की धीमी प्रगति को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए 2 शिफ्ट में कार्य कराने का निर्देश दिया। विधायक सुनील सोनी ने कहा कि डब्ल्यूएमएम करके 15 फरवरी तक एक तरफ का कार्य पूरा करने और 15 मार्च तक अनिवार्य रूप से कार्य सुनिश्चित करने की हिदायत दी है। उन्होंने साफतौर पर कहा कि समय सीमा पर काम नहीं होने की दशा में ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। इस अवसर पर नगर निगम रायपुर आयुक्त विश्वदीप, जोन अध्यक्ष बद्रीप्रसाद गुप्ता, पार्षद रवि सोनकर, मंडल अध्यक्ष अभिषेक तिवारी, नगर निगम अधीक्षण अभियंता इमरान खान, जोन आयुक्त हितेन्द्र यादव सहित अन्य अधिकारीगण, सामाजिक कार्यकर्तागण उपस्थित हुए।


