रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 जनवरी। राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की ठंड पडऩे वाली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे और शीत लहर को लेकर चेतावनी जारी की है। इस बीच रायपुर में दिन का तापमान 22-13 डिग्री और रात में 10-9 डिग्री रहने की संभावना है। इस दौरान रात से देर सबेर तक प्रदेश के अधिकांश जिले घने कोहरे की चपेट में रहने की आशंका जाताई जा रही है। विभाग ने प्रदेश के 14 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यह स्थिति 5 से 7 जनवरी 2026 तक बनी रह सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, जांजगीर-चांपा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती और रायगढ़ जिलों के एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो सकती है, जिससे सडक़ और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
वहीं रायपुर, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, बेमेतरा, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों के कुछ इलाकों में शीत लहर चलने की चेतावनी दी गई है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण ठंड का असर और बढ़ सकता है। इस बीच मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि घने कोहरे और ठंड के समय एतिहात बरते साथ ही ठंड़ से बचने गर्म कपड़ों का उपयोग करें। इसके अलावा बच्चों को ठंड से बचाएं ताकि उन्हें बीमारियों से बचाया जा सके।