रायपुर
दिसंबर का पेंशन अब तक नहीं मिला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 जनवरी। राज्य सरकार के सेवानिवृत्त हजारों पेंशनरों को पेंशन भुगतान न होने के कारण भारतीय स्टेट बैंक रायपुर के मुख्य कार्यालय में चर्चा कर पेंशनर्स एसोसिएशन ने ज्ञापन सौंपा। पेंशनर्स एसोसिएशन के जिला संरक्षक विजय कुमार झा एवं जिला अध्यक्ष पंकज नायक ने बताया है कि छत्तीसगढ़ के हजारों पेंशनरों में बैंकों के प्रति नाराजगी है। जिम्मेदार बैंक व कोषालय कर्मियों का कहना है कि जिन वृद्ध पेंशनरों ने ऑनलाइन जीवित प्रमाण पत्र जमा किया है वह लिंक फेल होने के कारण अपडेट नहीं हुआ तथा अपलोड नहीं हो पाया है, इसलिए पुन: एसबीआई या जहां से पेंशन भुगतान होता है। वहां जाकर ऑनलाइन पेंशन हेतु जीवित प्रमाण पत्र पुन: जमा करें। श्री झा ने बताया है कि पूर्व में ही जीवित प्रमाण पत्र नवंबर माह में लेने के बाद भी आनलाइन अपलोड सिस्टम फेल होने के कारण पेंशन भुगतान नहीं हो पा रहा है, इसलिए पूर्व में जमा किए फॉर्म की कॉपी या ऑनलाइन जमा किए मोबाइल के फोटोकॉपी बैंकों में दिखाने अथवा नया फॉर्म भरने की सलाह दी जा रही है। ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में पेंशनर्स एसोसिएशन के महामंत्री उमेश मुदलियार, सी एल दुबे, बीपी कुरील, विमलचंद्र कुंडू, राजेन्द्र उमाठे, बेनीराम गायकवाड, विश्वनाथ ध्रुव, राजेंद्र उमाठे, राजू मुदलियार आदि शामिल थे।