रायपुर

साहू समाज का सम्मेलन 7 को राजिम में
05-Jan-2026 8:11 PM
साहू समाज का सम्मेलन 7 को राजिम में

हजारों लोगों के आने की उम्मीद, सीएम होंगे मुख्य अतिथि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 जनवरी। प्रदेश के साहू समाज का बड़ा सम्मेलन 7 जनवरी को राजिम में होने जा रहा है। इसमें प्रदेशभर के हजारों की संख्या में साहू समाज के लोग मौजूद रहेंगे। सीएम विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि, और पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने बताया कि राजिम भक्तिन माता की जयंती पूरे धूमधाम से मनाई जाएगी। इस मौके पर 7 तारीख को प्रदेश के 496 परिक्षेत्र, 196 तहसीलों और 33 जिला मुख्यालयों से हजारों की संख्या में राजिम में जुटेंगे।

उन्होंने बताया कि आने वाले समय में साहू समाज द्वारा माता कर्मा जयंती, मां भानेश्वरी जयंती, तेलीन सती दाई जयंती, और बाबा सत्यनारायण जयंती को भी भव्य गरिमामयी तरीके से मनाया जाएगा ताकि इन महापुरूषों की ख्याति, जीवन दर्शन और आदर्श सभी दिशाओं में प्रचारित हो सके।

राजिम जयंती के अवसर पर एक विशाल भण्डारे का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को एकजुट करना और सामाजिक स्तर पर विवादों का समाधान करना है। डॉ. नीरेन्द्र साहू ने अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में राजिम जयंती में उपस्थित होकर नि:स्वार्थ सामाजिक सेवा का संकल्प लेकर सामाजिक एकता का अभिनव उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।


अन्य पोस्ट