रायपुर

विकास तिवारी ने दिया नोटिस का जवाब, झीरम हमले के सबूत भी सौंपे
05-Jan-2026 7:18 PM
विकास तिवारी ने दिया नोटिस का जवाब, झीरम हमले के सबूत भी सौंपे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 जनवरी। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता विकास तिवारी ने सोमवार को राजीव भवन पहुंचकर उन्हें मिले नोटिस पर जवाब पेश किया। विकास ने 30 पन्नों का जवाब प्रदेश महामंत्री मलकित सिंह गैदू को सौंपा। इसमें बहुचर्चित झीरमघाटी हमले को लेकर तथ्य और दस्तावेजी सबूत दिए हैं। इससे पहले विकास ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के बयान पर सवाल उठाते हुए उनके समेत भूपेश बघेल के नार्को टेस्ट की मांग की। विकास तिवारी ने कहा कि वे पीछे हटने वाले नहीं, और झीरम हमले की सच्चाई सामने लाने के लिए हर स्तर पर लड़ाई जारी रखेंगे। इससे पहले राजीव भवन पहुंचकर विकास ने झीरम हमले में शहीद हुए कांग्रेस नेताओं की तस्वीरों के साथ दंडवत प्रणाम किया। उन्होंने एक पोस्ट में नंदेली के लाल शहीद नंदकुमार पटेल का आशीर्वाद लेकर यह जवाब सौंप रहा हूं। मुझे उम्मीद है इन सबूतों का इस्तेमाल करके पार्टी के बड़े नेताओं की हत्या के साजिशकर्ताओं, और हत्यारों को देश प्रदेश की जनता के सामने बेनकाब करेंगे।


अन्य पोस्ट