रायपुर

बुजुर्ग के फर्जी हस्ताक्षर कर 5.25 लाख की धोखाधड़ी तीन चेक से निकाले थे रूपए
30-Dec-2025 10:18 PM
बुजुर्ग के फर्जी हस्ताक्षर कर 5.25 लाख की धोखाधड़ी तीन चेक से निकाले थे रूपए

बैंक भी पकड़ नहीं पाई फर्जी हस्ताक्षर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 दिसम्बर। राजधानी के कोतवाली इलाके में एक बुजुर्ग  के बैंक खाते से फर्जी हस्ताक्षर कर लाखों रुपए निकालने का मामला सामने आया है। आरोपी ने घर में रखे चेक बुक को चोरी कर वृद्ध के नकली हस्ताक्षर कर बैंक से 5 लाख 25 हजार की रकम निकल लिए। मामले में पुलिस ने धारा 318(4) 338, 336(3) 340(2) का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक 92 वर्षीय मोहम्मद मोहसिन खान, निवासी जामा मस्जिद क्वाटर, हॉलीक्रास स्कूल के सामने, बैरन बाजार का केनरा बैंक मुख्य शाखा का खाताधारक हैं। वे अकेले रहते हैं और वृद्धावस्था के चलते घर के कामकाज के लिए शहनाज को घरेलू सहायक के रूप में रखा था।

शहनाज घर का सारा काम काज संभालती थी। इस दौरान उसका बेटा मोहम्मद इलियास अक्सर घर आता-जाता था। इस बीच  आरोपी को घर में रखी चेकबुक की जानकारी हो गई। उसने मौके का फायदा उठाकर घर में पेटी के अंदर रखे केनरा बैंक के तीन चेक चोरी कर लिया। 15 दिसंबर 2025 को बुजुर्ग के मोबाइल पर बैंक से 25,000 निकासी का मैसेज आया, जबकि उन्होंने स्वयं कोई लेनदेन नहीं किया था। इसकी पूछताछ करने के लिए  मोहम्मद मोहासिन खान ने केनरा बैंक मुख्य शाखा पहुंचे, जहां पासबुक एंट्री कराने पर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।

 जांच में पाया गया कि मोहम्मद इलियास ने पेटी में रखे चेक चोरी किए फिर उसमें उसका फर्जी हस्ताक्षर कर 27 नवंबर 2025 को एक चेक से 1,00,000 10 दिसंबर 2025 को दूसरे चेक से 4,00,000 15 दिसंबर 2025 को तीसरी बार में 25,000 रूपए निकाले गए। इस तरह इलियास ने उसके खाता से धोखे से 5,25,000 की राशि निकाल लिए थे। धोखाधड़ी होने पर इसकी शिकायत बुजुगे ने कोतवाली थाना में दर्ज कराई। बताया कि उन्होंने न तो ये चेक किसी को दिए थे और न ही इस तरह की कोई निकासी की थी। उनके घर में घरेलू सहायिका और उसका बेटा मोहम्मद इलियास के अलावा किसी अन्य का आना-जाना नहीं था, जिससे उन्हें पूरा संदेह आरोपी मोहम्मद इलियास पर जताया है।

शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  धारा 318(4), 338, 336(3) एवं 340(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस द्वारा बैंक दस्तावेजों, चेकों एवं सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। घर में काम करने वाली सहायिका और अन्य जान पहचान वालों से पूछताछ की जा रही है।


अन्य पोस्ट