रायपुर

मुख्य डाकघर में बैग काट 40 हजार पार
30-Dec-2025 10:17 PM
मुख्य डाकघर में बैग काट 40 हजार पार

रोजाना लाखों का लेनदेन, फिर भी सुरक्षा शून्य, डाक प्रशासन पर प्रश्न चिन्ह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 दिसंबर। राजधानी के मुख्य डाकघर से हजारों की उठाईगिरी हो गई। जहां सेविंग बैंक ब्रांच के काउंटर में खड़े एक वृद्ध दंपति के थैले से  40000 रूपए  पार हो गए। इसके बाद पूरे डाकघर में हलचल मच गई। फिलहाल मामले की गोलबाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।

 मिली जानकारी अनुसार यह चोरी दोपहर 12.30-1 बजे के बीच हुई। जब वृद्ध पति पत्नी अपनी बचत में से 40 हजार का विथड्राल लेने पहुंची थी।  प्रथम तल के सेविंग बैंक कांउटर से रकम लेने के बाद वृद्ध ने 40 हजार रुपए अपने बैगनुमा थैले में डालकर पत्नी को थमाकर पास गेट के पास कुर्सी पर बिठाया और वह स्वयं पासबुक में प्रिंट कराने प्रिंटर काउंटर गए। इसी बीच एक अधेड़ व्यक्ति वृद्धा के पास पहुंचा और पास रखे थैले को धारदार वस्तु से काटकर रकम निकाल कर फरार हो गया। पासबुक प्रिंट करा पत्नी के पास लौटे वृद्ध ने रैली फटी हुई और रकम नदारद देखा। इस पर उन्होंने डाक कर्मियों को बताया। इस पर वहां  लगे सीसीटीवी फुटेज चैक करने पर एक अधेड़ को बैग काटते देखा गया।चूंकि यह चोरी काउंटर के बाहर हुई इसलिए डाकघर प्रशासन ने हाथ खड़े कर दिए और वृद्ध दंपति को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने अपने एक कर्मचारी को थाने भेजा। बताया गया है कि आज अन्य दिनों की तुलना में डाकघर में बहुत अधिक भीड़ थी। उसी का फायदा उठाकर चोर ने हाथ साफ किया।

इस घटना ने राजधानी के सबसे व्यस्ततम डाकघर में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। जहां हर रोज राष्ट्रीय बचत संगठन की लघु बचत योजनाओं के साथ एम?आईएस,सावधि जमा खातों में लाखों रूपए के विथड्राल और डिपाजिट होते हैं। इसके लिए बचतकर्ता स्त्री पुरुष वृद्धों के साथ बचत एजेंटों की भी आवाजाही रहती है। इसके बावजूद डाकघर प्रशासन सुरक्षा को लेकर कोई व्यवस्था नहीं की है। उठाईगीरी,चोरों को भी बैंकिंग बिजनेस के साथ जीरो सिक्योरिटी की पूरी जानकारी है।  जरा सी चूक में वे अपना काम कर जाते हैं। आज की यह घटना लंबे अरसे बाद हुई है।

इसके बाद पूरे डाकघर में हलचल मच गई। फिलहाल मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। गोल बाजार टीआई ने कहा कि अभी किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।

यह भी बताया गया है कि डाकघर परिसर में अवैध रूप से चल रहे सायकल स्टैंड में भी अज्ञात लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। वे भी डाकघर के पूरी कार्यप्रणाली और परिसर के नक्शे से वाकिफ हैं। सायकल बाइक से  पार्किंग शुल्क की वसूली को तवज्जो देने वाला डाकघर प्रशासन लाखों के लेन-देन को सुरक्षित रखने गंभीर नहीं है। कुछ वर्ष पूर्व तो अज्ञात चोर, काउंटर के ब्याज से रकम ले भागे थे।


अन्य पोस्ट