रायपुर

महिला तहसीलदार का पति घोटाले का मास्टर माइंड, 73 करोड़ का भुगतान रोका
29-Dec-2025 6:48 PM
महिला तहसीलदार का पति घोटाले का मास्टर माइंड, 73 करोड़ का भुगतान रोका

लॉ विस्टा सोसायटी रायपुर


‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 दिसंबर। भारत-माला प्रोजेक्ट में जमीन अधिग्रहण में राजस्व विभाग के अमले ने 43 करोड़ का घोटाला किया है।  घोटालेबाजों ने अधिग्रहण से पहले जमीनों के छोटे-छोटे टुकड़े कर दिए। ऐसा कर एनएचआईए को 78 करोड़ का भुगतान दिखाया। एसडीएम पटवारी और भू-माफिया के सिंडिकेट ने कॉरीडोर की घोषणा होने और भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई प्रारंभ करने बाद बैक डेट में जमीनों के नए सिरे से फर्जी दस्तावेज बनाए और उसेटुकड़ों में बांट दिया। टुकड़ों में बांटने से जमीन की कीमत बढ़ गई। ऐसा कर सरकारी खजाने को तकरीबन 43 करोड़ का चूना घोटालेबाजों ने लगाया है।

यह मामला विधानसभा के पिछले बजट सत्र में गूंजा था। तब  राज्य सरकार ने ईओडब्ल्यू जांच की घोषणा कर पहले जगदलपुर नगर निगम के आयुक्त निर्भय साहू को सस्पेंड किया। इसके बाद कोरबा के डिप्टी कलेक्टर शशिकांत कुर्रे पर निलंबन की गाज गिरी। निर्भय कुमार साहू सहित आधा दर्जन अधिकारी-कर्मचारियों पर 43 करोड़ 18 लाख रुपए से ज्यादा राशि की गडबडी का आरोप लगा है?

राज्य सरकार के निर्देश पर  ईओडब्ल्यू ने भूमि अधिग्रहण घोटाले की जांच शुरू की ।  कई लोगों को गिरफ्तार किया तो कई पटवारी अभी भी फरार हैं। वहीं राज्य सरकार ने रायपुर कमिश्नर महादेव कावरे से भी जांच कराई। इसके बाद अब ईडी की इंट्री हो गई है। ईडी टीमों ने महिला तहसीलदार के पति इस घोटाले के मास्टरमाइंड हरजीत सिंह खनुजा महासमुंद के आटोमोबाइल कारोबारी जसबीर सिंह बग्गा और उनके करीबियों के 9 ठिकानों को घेरा है।

हरमीत सिंह खनूजा छत्तीसगढ़ के रायपुर-विशाखापट्टनम आर्थिक कॉरिडोर से जुड़े भूमि क्षतिपूर्ति भुगतान घोटाले में नामजद एक भूमि दलाल / एजेंट हैं। आरोप है कि उन्होंने भूमि अधिग्रहण के मुआवजे को फर्जी तरीके से हासिल करने, बंटवाने में मदद की, जिससे सरकार को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ। कागजों में फर्जी दस्तावेज, नकली बंटवारे और म्यूटेशन (बदलाव) कर के मुआवजा प्राप्त किया और पैसा अलग खातों में ट्रांसफर किया। 25 अप्रैल 2025 को आर्थिक अपराध शाखा ईओडब्ल्यू ने उनके खिलाफ छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई की। भारत-माला प्रोजेक्ट में जमीन अधिग्रहण मामले में 43 करोड़ का घोटाला हुआ है। जमीन को टुकड़ों में बांटकर एनएचएआई को 78 करोड़ का भुगतान दिखाया गया। एसडीएम, पटवारी और भू-माफिया के सिंडिकेट ने बैक डेट पर दस्तावेज बनाकर घोटाले को अंजाम दिया। कोरबा डिप्टी कलेक्टर शशिकांत कुर्रे को सस्पेंड किया गया था। इसके पहले जगदलपुर निगम कमिश्नर निर्भय साहू को सस्पेंड किया गया था। निर्भय कुमार साहू सहित 5 अधिकारी-कर्मचारियों पर 43 करोड़ 18 लाख रुपए से ज्यादा राशि की गड़बड़ी का आरोप है।

राजस्व विभाग के मुताबिक, मुआवजा करीब 29.5 करोड़ का होता है। अभनपुर के ग्राम नायकबांधा और उरला में भू-माफिया ने राजस्व अधिकारियों के साथ मिलकर जमीन को छोटे टुकड़ों में काटकर 159 खसरे में बांट दिया। मुआवजा के लिए 80 नए नाम रिकॉर्ड में चढ़ा दिए गए। इससे 559 मीटर जमीन की कीमत करीब 29.5 करोड़ से बढक़र 70 करोड़ से ज्यादा पहुंच गई।

अभनपुर बेल्ट में 9.38 किलोमीटर के लिए 324 करोड़ मुआवजा राशि निर्धारित की गई। जिसमें से 246 करोड़ रुपए मुआवजा दिया जा चुका है। वहीं 73 करोड़ रुपए का भुगतान अभी रोक दिया गया है।

ईडी निष्पक्ष जांच करें तो कई भाजपा नेताओं के नाम सामने आएंगे- बैज राजनीति करना उचित नहीं-साव

भारत माला मुआवजा घोटाले को लेकर ईडी की छापेमारी पर कांग्रेस ने भाजपा को आड़े हाथों लिया है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने आज सुबह कहा कि ईडी इस घोटाले में छोटी मछलियों पर कार्रवाई कर रही है। ईडी  से पूछा कि बड़ी मछलियों पर क्यों नहीं कर रही। बैज ने कहा कि ईडी इसकी निष्पक्ष जांच करें तो कई भाजपा नेताओं के नाम सामने आएंगे। उसका क्या होगा, यह कार्रवाई खानापूर्ति तो नहीं।

वहीं  डिप्टी सीएम अरूण साव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा केन्द्रीय एजेंसियों की कार्रवाई पर प्रश्नचिन्ह लगाती रही है। जो उचित नहीं है। वास्तव में जो तथ्य, और इनपुट रहते हैं उसके आधार पर एजेंसियां काम करती हैं।

भू-राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा जो भी भ्रष्टाचार करेगा वह बचने वाला नहीं, इस पूरे मामले पर कमिश्नर नजर बनाए हुए हैं। सभी रिपोर्ट मंगवाई गई है जिन पर सख्त कार्रवाई होगी।


अन्य पोस्ट