रायपुर

बेटे के जन्मदिन की रात घर से गायब हुए 2.75 लाख, पड़़ोसियों पर शक में विवाद
29-Dec-2025 6:47 PM
  बेटे के जन्मदिन की रात घर से गायब हुए 2.75 लाख, पड़़ोसियों पर शक में विवाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 दिसम्बर। राजधानी के पचपेड़ी नाका इलाके में गुरूमुख सिंह नगर में चोरी की घटना के बाद पड़ोसियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। घटना में एक महिला सफाई कर्मचारी और उसका बेटा घायल हो गए, जिनका इलाज निजी अस्पताल में कराया गया है।

राजेंद्र नगर पुलिस के मुताबिक गुरूमुख सिंह नगर निवासी दिलजान मंडावी, जो नगर निगम में सफाई कर्मचारी हैं, ने थाना में शिकायत दर्ज कराई कि 25 दिसंबर को उसके बेटे का जन्मदिन था। घर में रखे तीन लाख रुपए में से दिलजान ने 25 हजार रुपए अपने बेटे  दिया था। शेष  2 लाख 75 हजार रुपए को घर की लकड़ी की आलमारी में रखकर ताला बंद किया गया था। इसके बाद वे पारिवारिक कारणों से दुर्ग गए हुए थे। 26 दिसंबर की सुबह उनके बेटे ने फोन कर बताया कि घर का मेन डोर खुला हुआ है। आलमारी और लॉकर का ताला टूटा हुआ है। और उसमें रखे नगदी नहीं है। सूचना पर जब वे घर लौटीं तो चोरी की पुष्टि हुई। आसपास पूछताछ के बाद भी चोर का कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद 27 दिसंबर की रात चोरी की सूचना थाना में देने के बाद जब दिलजान मंडावी अपने बेटे प्रेम मंडावी के साथ घर लौटीं, तो उन्होंने पड़ोसी श्याम कुमार मरकाम और उसके बेटे को घर में नोट गिनते देखा। पूछताछ करने पर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

विरोध करने पर लोहे के पाइप व हाथ-मुक्कों से महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट की गई। मारपीट में दिलजान मंडावी के हाथ, पीठ, पसली और सिर में चोटें आईं, वहीं उनके बेटे प्रेम मंडावी के सिर में भी चोट लगी। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरी की घटना के साथ-साथ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी के आरोपों की भी जांच कर रही है।

गंज में चोरी का प्रयास, शटर का लॉक नहीं तोड़ पाए

गंज इलाके में किराने की दुकान में सेंधमारी की घटना विफल हो गई। अज्ञात चोर दुकान में लगे शटर के सेंटर लॉक का नहीं तोड़ पाए।  आर्दश विहार कालोनी  निवासी मुकेश नत्थानी ने बताया कि पीली बिल्डिंग के पास, एसबीआई बैंक के सामने फाफाडीह रायपुर में ओम जनरल स्टोर्स का संचालन करता है। 26 की रात 9.30 बजे वह रोज की तरह दुकान के शटर में ताला लगाकर घर चला गया था। इस बीच रात में अज्ञात चोर वहां चोरी करने गया था। जो शटर में लगे ताला को तोड दिया है। लेकिन शटर के सेंटर लॉक को नही तोड पाया। मुकेश ने बताया कि शटर का सेंटर लॉक नही टूटने से किसी प्रकार की सामान की चोरी नही हुई है, चोरी का प्रयास किया गया है। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट