रायपुर
अब नई सहिबो, मोदी की गारंटी लेके रहिबो
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 दिसंबर। छत्तीसगढ़ में पूरे प्रशासनिक ढांचे से जुड़े कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की राह पर उतर आए हैं।
दो वर्षों से मोदी की चुनावी गारंटी से जुड़ी लंबित मांगों को लेकर प्रदेश के 4 लाख से अधिक कर्मचारी-अधिकारी आज से हड़ताल पर चले गए हैं। यह हड़ताल में 100 से अधिक संगठनों वाले फेडरेशन के आह्वान पर हो रहा है।
इस आंदोलन के कारण राज्य के लगभग सभी विभागों का कामकाज प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।केवल मंत्रालय के अधिकारी कर्मचारी हड़ताल से अलग हैं। सो तहसील, कलेक्टोरेट से लेकर संचालनालय तक आफिस खुलें तो है लेकिन अधिकारी कर्मचारी टेबल पर नहीं हैं।
इनमें पटवारी, शिक्षक, पशु चिकित्सा अधिकारी, डीईओ, बीईओ, सीईओ, तहसीलदार, डिप्टी कलेक्टर, राजस्व अधिकारी, क्लर्क, लेखापाल सहित संविदा कर्मचारी, मध्याह्न भोजन कर्मचारी, स्कूल सफाई कर्मचारी भी शामिल हैं।
फेडरेशन के प्रदेश संयोजक कमल वर्मा ने बताया कि प्रदेश के सभी कर्मचारी-अधिकारी 29, 30 और 31 दिसंबर तक तीन दिवसीय निश्चितकालीन आंदोलन करेंगे। यह आंदोलन प्रदेश के सभी 33 जिला मुख्यालयों में एक साथ आयोजित किया जा रहा है। नवा रायपुर के इंद्रावती भवन, सभी निगम-मंडल के कार्यालयों से लेकर पुराने शहर के सभी दफ्तरों में हड़ताल का असर देखा जा रहा है। राजधानी के कर्मचारियों ने इंडोर स्टेडियम के पास धरना प्रदर्शन किया।
जहां मौजूद सैकड़ों कर्मचारियों को संयोजक कमल वर्मा, डीपी शर्मा, चंद्रशेखर तिवारी, जीआर चंद्रा, नरेश वाढेल, रोहित तिवारी, बिंदेश्वर रौतिया, पेंशनर एसोसिएशन के उदय मुदलियार, विजय झा, पीआर यादव आदि ने संबोधित किया।