रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 दिसंबर। राजधानी के रेलवे स्टेशन पर खड़ी टिटलागढ़–रायपुर पैसेंजर ट्रेन के एक डिब्बे में युवक का शव मिला। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही यात्रियों ने डिब्बे के अंदर युवक को अचेत अवस्था में देख तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी।
आरपीएफ,जीआरपी और एफएसएल की टीमों ने मौके पर पहुंच जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस संबंध में डीएसपी रेल एसएन अख्तर ने बताया कि ट्रेन रात ,2.50 बजे रायपुर पहुंची थी। यह लाश ट्रेन के जनरल डिब्बे में पंखे से टंगी हालत में टिटिलागढ़ से ही रायपुर तक आई थी। मृतक की आयु 35 वर्ष के आसपास है। पुलिस ने एफएसएल की टीम के साथ लाश की जांच की जिसमें कोई खरोंच, चोट के निशान नहीं मिले। मृतक के पहने कपड़े की जेब से एक रिजर्वेशन फॉर्म मिला है जिसमें लिखे फोन नंबरों के जरिए परिजन परिचितों से संपर्क किया जा रहा है। साथ ही रायपुर से टिटिलागढ़ मार्ग के सभी स्टेशनों को सूचना देकर भी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। लाश को मर्चुरी भेज दिया गया है।