रायपुर
बीएनएस में होगी कार्रवाई, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की सिफारिश पर आदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 दिसंबर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने एक कड़ा फैसला करते हुए महिला पार्षदों के कामकाज में पतियों या रिश्तेदारों के हस्तक्षेप या बैठकों में शामिल होने पर रोक लगा दी है। ऐसी शिकायत पर बीएनएस की धाराओं के तहत कार्यवाही की जा सकती है।
इस संबंध में नगरीय प्रशासन विभाग के अवर सचिव ने सभी निगमायुक्त, पालिका - नगर पंचायतों के सीएमओ को पत्र भेजकर निगरानी करने आगाह किया है। इस पत्र में निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों के पारिवारिक रिश्तेदार, नातेदारों को प्राक्सी प्रतिनिधि,लायजन पर्सन के रूप में नियुक्ति पर रोक लगाई गई है। यह रोक राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देश पर लगाई गई है।
इसमें कहा है कि राज्य के समस्त नगरीय निकायों को कार्यों के संचालन में महिला जनप्रतिनिधियों के पारिवारिक रिश्तेदार/नातेदार के द्वारा कामकाज के संचालन के दौरान बैठक आदि में भाग नहीं लेने और न ही हस्तक्षेप करने के संबंध में निर्णय लेकर सूचित किया गया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा निर्वाचित महिला जनप्रतिधिनियों के पारिवारिक रिश्तेदार/नातेदार को प्राक्सी प्रतिनिधि/लायजऩ पर्सन नियुक्त किये जाने पर भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14, अनुच्छेद 15(3) व अनुच्छेद 21 का उल्लंघन माना है। 12 दिसंबर को जारी निर्देश में कहा है कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा इसके उल्लंघन पर भारतीय न्याय संहिता बीएनएस 2023 की धारा 207, 223 व 316 एवं मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 13 के अंतर्गत कार्यवाही का भी उल्लेख है।
विभाग के संज्ञान में लाया गया है कि कतिपय नगरीय निकायों में निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों के पारिवारिक रिश्तेदार/नातेदार को प्राक्सी प्रतिनिधि/लायजऩ पर्सन अनुच्छेद 15(3) व अनुच्छेद 21 का उल्लंघन होने के कारण समस्त नगरीय निकायों के आयुक्त/मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया जाता है कि शीघ्र अपने-अपने निकायों में निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों के पारिवारिक रिश्तेदार/नातेदार जो नामांकित जनप्रतिनिधि हैं, के संबंध में परीक्षण कर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देशों के पालन से अवगत कराएं। यह निर्देश छ.ग. नगरपालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 9 एवं छ.ग. नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 19 के अनुसार सांसद/विधायकों नगरीय निकायों में नियुक्त प्रतिनिधि (एल्डरमैन) पर भी लागू होगा।
और इधर ...... इस संबंध में बता दें कि इस आदेश के ठीक विपरीत पूरे प्रदेश के निकायों में महिला जनप्रतिनिधियों के बजाय पति, पुत्र और अन्य रिश्तेदारों का दबदबा कायम है। राजधानी में ही एमआईसी सदस्य, जोन अध्यक्ष के साथ पार्षदों को पतियों का खुला दखल रहता है। जोन स्तर की बैठके भी यही लोग लेते हैं। वार्ड और जोन स्तर के बड़ी ठेके कार्य निगम अफसर इनकी अनुमति के बगैर नहीं करते। कुछ जोन अध्यक्ष और एमआईसी सदस्यों के पति फील्ड में भी साथ रहते हैं। घर के पास लगे संकेतक बोर्ड में भी पत्नी का नाम छोटा और पति का बड़ा डिस्प्ले किया गया है।दो दिन पहले महापौर मीनल चौबे की एक बैठक में जोन अध्यक्ष पति (पत्नी की जगह) शामिल हुए थे। अब ऐसी स्थिति में राजधानी में ही नियम निर्देश और संविधान के पालन की बात बेमानी होगी।