रायपुर
हजार करोड़ का कारोबार रहा ठप, बंद समर्थक लाठी डंडे लेकर निकले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 दिसंबर। कांकेर हिंसा के विरोध में सर्व समाज के छत्तीसगढ़ बंद के तहत राजधानी में बड़ा असर देखने को मिला है। शहर के बीच से लेकर आउटर तक छोटी दुकानों से लेकर बड़े माल और सुपर बाजार भी बंद रहे। इस बंद से करीब एक हजार करोड़ रुपए का कारोबार नहीं हो सका।
इस बंद को छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स,कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और सत्तारूढ़ भाजपा ने भी समर्थन दिया था। इनके कार्यकर्ता तडक़े से बंद कराने शहर में घूमते रहे हैं। इनका कहीं भी विरोध नहीं हुआ। शहर के मुख्य बाजार से लेकर गली मोहल्लों की भी दुकानें बंद हैं। रायपुर के लाखेनगर, पुरानी बस्ती, सदर बाजार, मालवीय रोड, संतोषी नगर, संजय नगर, टिकरापारा, फाफाडीह, खमतराई, देवेन्द्र नगर,रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड,गोल बाजार, सब्जी मंडी, पंडरी कपड़ा बाजार, गुढिय़ारी डूमरतराई थोक बाजार सब कुछ बंद रहे। जयस्तंभ चौक,कटोरा तालाब, शंकर नगर में सुबह लगने वाली नाश्ते की दुकानें बंद रहीं। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी, शिवसेना , भाजपा के कार्यकर्ता बंद कराते जयस्तंभ पहुंच नारेबाजी की। कुछ कार्यकर्ताओं को लाठी डंडे से लैस होकर बंद कराते देखा गया। वहीं कुछ अन्य बंद समर्थक वायरलेस सेट से लैस थे। इस बंद को गायत्री परिवार, आर्ट ऑफ लिविंग, समेत सभी धार्मिक समाजिक संगठनों और संस्थाओँ ने दिया है। शीतकालीन अवकाश की वजह से सभी स्कूल कालेज बीते रविवार से ही बंद हैं। जबकि सभी सरकारी दफ्तरों, आयकर, एयरपोर्ट,रेलवे,डाकघर,बैंक-बीमा कंपनियों में कामकाज सामान्य रूप से जारी रहा। इसी तरह से सरकारी शराब दुकान, सरकारी निजी अस्पताल और दवा दुकानों को बंद से अलग रखा गया था। इससे करीब छह सौ करोड़ के बैंक ट्रांजेक्शन नहीं हो सके। तस्वीर/‘छत्तीसगढ़’