रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 दिसंबर। धरसींवा थाना अंतर्गत पुलिस चौकी सिलयारी क्षेत्र के ग्राम पवनी में ठगी का मामला सामने आया है। दो अज्ञात महिलाओं ने बर्तन, सोना और चांदी का फोटो खींचकर कंपनी को भेजने और बदले में पैसा देने का झांसा देकर महिला से कीमती जेवरात ठग लिए।
लक्ष्मी यादव निवासी ग्राम पवनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 18 दिसंबर को वह अपनी काकी सास के घर गई हुई थी। उसी दौरान घर में दो अज्ञात महिलाएं वहां पहुंचीं और खुद को किसी कंपनी से जुड़ा बताते हुए पुराने बर्तन, सोना-चांदी का फोटो खींचकर कंपनी को भेजने पर सामान वापस करने के साथ पैसे देने की बात कही। विश्वास दिलाने के लिए उन्होंने पहले दिन लिया गया सामान वापस भी कर दिया।
दूसरे दिन महिलाएं घर पर आई इस पर लक्ष्मी को उनकी बातों में आ गई। और भरोसा कर सोने का मंगलसूत्र, मराठी माला, लॉकेट, सोने की पत्तियां और चांदी की पैरपट्टी सहित अन्य कीमती जेवरात उन्हें सौंप दिए। महिलाओं ने दोपहर तक सामान लौटाने और 50 हजार रुपये देने का वादा किया। और सामान लेकर चली गई। जो शाम तक वापस नहीं आई। आसपास पूछताछ करने पर उनके बारे में कोई जानकारी नहीं हुई। तब लक्ष्मी यादव ने सारी बात परिजनों को बताई। परिजनों से सलाह लेने के बाद 23 दिसंबर को पुलिस चौकी सिलयारी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात महिलाओं के खिलाफ धारा 318(4), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर आसपास के इलाके में संदिग्धो की पूछताछ की जा रही है।