रायपुर
आजाद चौक सहित चार थानों में दर्ज हुए मामले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 दिसंबर। राजधानी रायपुर से मारपीट और घरेलू हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। इन मामलों में महिलाओं सहित कई लोग घायल हुए हैं। इनमें आजाद चौक, खरोरा, खम्हारडीह और तिल्दा नेवरा में विवाद हुआ। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आजाद चौक पुलिस के मुताबिक कल मेट्रो बार आमापारा चौक में एक युवती के साथ मारपीट हो गई। सरस्वती सेंदरे ने बताया कि दोपहर 3 बजे वेदिका सागर टी सुनील राव उर्फ सीनु के साथ मेट्रो बार आमापारा चौक रायपुर गई थी। वहां अपने जीजा संजय देवांगन का मोबाईल मांगने की बात पर आरोपी टी सुनील राव उर्फ सीनु गाली गलौज करने लगा। जान से मारने की धमकी देकर शराब पीने के गिलास से हमला कर दिया जिससे उसे आंख नाक गाल मे चोट आई। आरोपी ने शराब पीने के गिलास से हमला कर युवती की आंख फोड़ दी। घायल युवती को मेकाहारा में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2),115(2), 117(3)का अपराध दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पीडि़ता से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
उधर खरोरा इलाके में हाईवा चालक पुसउ के साथ अडानी पावर प्लांट के सामने रायखेड़ा निवासी दिनेश वर्मा और उसके साथियों ने गाड़ी रूकवाकर उसके साथ गाली गलौज कर मारपीट कर दी। इस हमले में उसे को कंधे, पीठ और सीने में चोटें आई हैं। पुलिस ने बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
खम्हारडीह में शादी समारोह के दौरान पूर्व में हुए विवाद का बदला लेने के नियत से विशाल सिक्का उर्फ मिथुन, शिव कुमार, छोटू, मजेश दीप ने परमेश्वर के साथ मारपीट कर दी। थप्पड़ से शुरू हुए विवाद ने सामुहिक रूप ले लिया। इस दौरान लडक़ों ने कांच से हमला हुआ। लडक़ों ने जान से मारने की धमकी देकर युवक की बेदम पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आए परिजनों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
तिल्दा नेवरा में घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है। जहां शराब के नशे में पति ने पत्नी पर अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए मारपीट की। बीच-बचाव करने आई महिला की बुआ भी घायल हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।