रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 दिसंबर। भाजपा के झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के मौके पर गुरुवार को कम्बल वितरण किया जाएगा। बुजुर्गों का सम्मान भी किया जाएगा।
भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी को अटल स्मृति वर्ष के रूप में मनाने का फैसला लिया है। प्रदेश के सभी जिलो में झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले को कम्बल वितरण, बुजुर्गो का शाल व श्रीफल से सम्मान और समरसता भोज का आयोजन होगा।
प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक संजू नारायण सिंह ठाकुर ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जयंती के अवसर पर सभी कार्यक्रमों को सुचारू से सम्पन्न करने के लिए सभी संभागों में प्रभारी और सह प्रभारी तय किया गया है। जिसके तहत झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ द्वारा सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, लौह शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, महापौर मीनल चौबे, जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर उपस्थित रहेंगे।