रायपुर
अपनी गिरफ्तारी को लेकर भूपेश के ट्वीट पर पलटवार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 दिसंबर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अपनी गिरफ्तारी को लेकर भाजपा द्वारा‘सर्वे’ कराने को लेकर किए गए सोशल मीडिया पोस्ट पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने पलटवार किया है। साव ने कहा सर्वे कौन रहा है, इसकी जानकारी नहीं है. मगर किसी को डराने का विषय नहीं है। जो गड़बड़ नहीं किया है, उसे डरने की जरूरत नहीं है। बिना तथ्यों के आधार पर बात नहीं करना चाहिए। आरोप-प्रत्यारोप से बचना चाहिए। गृहमंत्री शर्मा ने कहा कि जब कुछ किया नहीं है तो डरना नहीं चाहिए।
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया एक्स पर किए अपने पोस्ट में कहा कि सर्वे एजेंसी की 70 टीमें छत्तीसगढ़ में जगह जगह जाकर लोगों से पूछ रही हैं कि क्या भूपेश बघेल को गिरफ़्तार किया जाना चाहिए? विधि सम्मत कार्रवाई करने की जगह सर्वेक्षण करवा रहे हैं। अमित शाह जी, सुन लीजिए, चाहे जो हथकंडा अपनाइए, छत्तीसगढ़ की जनता मेरे और कांग्रेस के साथ खड़ी है।साय सरकार के दो साल पूरे होने पर होगा भव्य आयोजन । साय सरकार के दो साल पूरे होने पर कल होने वाले बड़े कार्यक्रम को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जांजगीर में भव्य और विशाल जनादेश परब का आयोजन हो रहा है। इसे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संबोधित करेंगे।
पीएम आवास के मामले में छग तीसरे स्थान पर
शनिवार को नगरीय निकाय मंत्रियों की बैठक को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि उत्तर मध्य क्षेत्रों के 5 नगरीय प्रशासन विभागों की बैठक केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में हुई। भारत सरकार द्वारा संचालित योजनाओं – पीएम आवास, स्वच्छता अभियान, मोबिलिटी के कामों की समीक्षा हुई।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में केंद्र प्रायोजित योजनाओं में गति आई है. पीएम आवास के मामले में छग तीसरे स्थान पर है. वहीं कई योजनाओं में छत्तीसगढ़ ने दो साल में अच्छी प्रगति की है। छत्तीसगढ़ में मेट्रो रेल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो का काम प्रारंभिक स्तर पर है? आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में तेज गति से काम होगा।