रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 दिसंबर। राजधानी रायपुर में सिटी कोतवाली पुलिस ने जुआ-सट्टा और अवैध शराब कारोबार करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,21,050 रुपए, सट्टा सामग्री और 90 पौव्वा शराब जब्त किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, कि गांधी नगर रवि साहू के घर के सामने रोड पर तीन व्यक्ति सट्टा संचालित कर रहे थे। साथ ही अवैध रूप से शराब बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर सट्टा खेलने वाले लोग भाग निकले, जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मोह. रफीक खान निवासी आजाद चौक,घनश्याम शर्मा निवासी राजेन्द्र नगर, अरूण सोना निवासी गांधी नगर बताए।
तलाशी के दौरान इनके पास से 28 पन्ना सट्टा पट्टी, का सामान 1,21,050 नगद बरामद की गई। इसके अलावा दो प्लास्टिक थैलों में रखे 90 पौव्वा गोवा स्पेशल व्हिस्की 16 लीटर 200 मिलीलीटर) भी जब्त की गई। जिसकी कीमत 10,800 बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी मोह. रफीक खान ने खुलासा किया कि वह रवि साहू के लिए सट्टा और शराब का काम करता था। उसने कई अन्य लोगों के नाम भी बताए जो सट्टा व शराब कारोबार में संलिप्त हैं।
सिटी कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।