रायपुर

मेडिकल पीजी कोटे पर सुप्रीम कोर्ट ने जवाब मांगा, काउंसलिंग स्थगित
21-Dec-2025 8:01 PM
मेडिकल पीजी कोटे पर सुप्रीम कोर्ट ने जवाब मांगा, काउंसलिंग स्थगित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर/रायपुर, 21 दिसंबर। छत्तीसगढ़ में स्नातकोत्तर चिकित्सा (एमडी/एमएस) पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया किसी भी अदालत द्वारा स्थगन नहीं मिलने के बावजूद पिछले दस दिनों से ठप कर दी गई है। मालूम हो कि चिकित्सा शिक्षा विभाग ने नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) के निर्देशों का पालन करते हुए प्रवेश प्रक्रिया शुरू की थी। छात्रों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया, मेरिट लिस्ट भी 9 दिसंबर को जारी कर दी गई, लेकिन प्रथम चरण की सीट आवंटन प्रक्रिया को 10 दिसंबर को ही अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया। अब तक कोई नई तारीख घोषित नहीं की गई है, जिससे पीजी की पढ़ाई करने के इच्छुक सैकड़ों छात्रों का भविष्य अनिश्चितता के भंवर में फंस गया है।

यह पूरा मामला डॉ. समृद्धि दुबे की याचिका से संबंधित है। डॉ. दुबे ने बिलासपुर हाईकोर्ट में छत्तीसगढ़ मेडिकल स्नातकोत्तर प्रवेश नियम 2025 के नियम 11(ए) और 11(बी) को चुनौती दी थी। इन नियमों में राज्य कोटे की 50 प्रतिशत सीटों (ऑल इंडिया कोटा के बाद शेष) में से पहले उन उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाती थी जिन्होंने छत्तीसगढ़ के मेडिकल कॉलेजों से एमबीबीएस किया हो या सेवारत डॉक्टर हों। शेष सीटों को ओपन रखा गया था।

हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस बिभु दत्त गुरु की डिवीजन बेंच ने नवंबर 2025 में इन नियमों को संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार) का उल्लंघन मानते हुए असंवैधानिक घोषित कर दिया। कोर्ट ने कहा कि मेरिट को संस्थागत प्राथमिकता या डोमिसाइल के आधार पर कमजोर करना व्यावसायिक उत्कृष्टता के लिए खतरा है।

इसके बाद राज्य सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम स्टे देने से इनकार कर दिया और कहा कि यदि कोई स्पष्टीकरण चाहिए तो हाईकोर्ट में रिव्यू याचिका दायर करें। सुप्रीम कोर्ट ने कोई नई सुनवाई तारीख भी नहीं दी है।राज्य सरकार और डॉ. समृद्धि दुबे की ओर से वकीलों ने तर्क दिया कि संस्थागत और गैर-संस्थागत दोनों श्रेणियों में छत्तीसगढ़ के एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और विकलांग उम्मीदवारों को आरक्षण का लाभ मिलता है। ऑल इंडिया कोटे में भी छत्तीसगढ़ के छात्र भाग ले सकते हैं और वहां स्थानीय आरक्षण लागू है। इसलिए छात्रों को भ्रमित होने की जरूरत नहीं है।

हाईकोर्ट में हालिया सुनवाई में मामले की अंतिम तारीख मार्च 2026 रखी है। इस बीच कुछ अन्य छात्रों जिनमें राजस्थान के छात्र भी शामिल हैं, उन्होंने नियमों में बदलाव को चुनौती दी, लेकिन मुख्य विवाद डॉ. दुबे के केस पर ही टिका है।

मेरिट लिस्ट में सभी याचिकाकर्ताओं के नाम शामिल हैं और करीब 4 लोगों को ऑल इंडिया कोटे से प्रवेश भी मिल चुका है। एनएमसी ने सभी राज्यों को समयबद्ध काउंसलिंग पूरी करने के निर्देश दिए हैं। देश के अधिकांश राज्यों में दूसरा राउंड का परिणाम आ चुका है, लेकिन छत्तीसगढ़ में पहला राउंड भी पूरा नहीं हो सका।

चिकित्सा शिक्षा निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट पर 10 दिसंबर का नोटिस अभी भी लगा है, जिसमें कहा गया है कि आगामी सूचना तक वेबसाइट देखते रहें। छात्रों का कहना है कि इस देरी से उनकी पढ़ाई एक साल खराब हो सकती है और मानसिक तनाव बढ़ रहा है।

इस संबंध में आयुक्त चिकित्सा शिक्षा रितेश अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ से कहा कि अनिश्चितकाल के लिए स्थगित नहीं किया गया है। अभी अलाटमेंट स्थगित किया गया है। सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर की गई है। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट से कुछ क्लेरिफिकेशन मांगा है। हम हाईकोर्ट को जवाब दे रहे हैं तब तक के लिए स्थगित किया गया है।जीरो ईयर होने का खतरा

रायपुर, 21 दिसंबर।  छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ राकेश गुप्ता ने कहा कि पिछले तीन महीनों में चली आ रही स्नातकोत्तर काउंसलिंग में बार-बार प्रकाशित नियमों में बार-बार फेरबदल होने से सरकार और स्नाकोत्तर सीट में भर्ती के इच्छुक मेरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त छात्रों के बीच सुप्रीम कोर्ट और  हाईकोर्ट बिलासपुर में सुनवाई लगातार जारी है। पिछले सप्ताह  सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान कोर्ट ने छत्तीसगढ़ राज्य सरकार को  हाई कोर्ट में रिव्यू पिटीशन दायर करने का आदेश दिया था, जिसे राज्य सरकार ने करने में देरी की है, रिव्यू पिटिशन दायर करने के बाद छत्तीसगढ़ में एमबीबीएस पढ़े हुए छात्रों को न्याय प्राप्त हो सकेगा, लेकिन आज तक स्वास्थ्य विभाग ने रिव्यू पिटीशन फाइल ना करके कथनी और करनी में अंतर साबित कर दिया है।  डॉ. राकेश गुप्ता ने इस विषम परिस्थिति में जीरो ईयर के खतरे के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अदूरदर्शिता को जिम्मेदार ठहराते हुए भाजपा सरकार को अन्य सभी राज्यों में प्रचलित परंपरा का पालन करते हुए 50 प्रतिशत अखिल भारतीय छात्रों के लिए और 50 प्रतिशत छत्तीसगढ़ के पास छात्रों के लिए सीट रिजर्व करके बगैर देरी किए काउंसलिंग प्रारंभ कराई जानी चाहिए।

 

 

 

 


अन्य पोस्ट