रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 दिसम्बर। गंज पुलिस ने नशा कारोबारी के खिलाफ कार्रवाई की है। कोकीन की तस्करी में लिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 16.56 ग्राम कोकीन बरामद किया है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरूवार की शाम मुखबीर से सूचना मिली थी कि एक्सप्रेस-वे रोड चूनाभ_ी स्थित पुराने शराब भ_ी के पास एक युवक कोकीन बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में खड़ा है। सूचना मिलते ही गंज पुलिस ने मौके से संदिग्ध युवक को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हर्ष नरेश पांडेय उम्र 22 साल निवासी सिविल लाइन, माता मंदिर के पास, गोंदिया महाराष्ट्र का होना बताया। तलाशी में उसेक पास से 16.56 ग्राम कोकीन बरामद किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी से मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
आरोपी के खिलाफ नार्कोटिक्स एक्ट की धारा 22 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह मादक पदार्थ उसे महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी अपने एक साथी ने रायपुर में सप्लाई के लिए दिया गया था।
पुलिस यह भी पता कर रही है कि वह पहली बार रायपुर आया है या पहले भी उसकी आमदरफ्त होती रही है। रायपुर से पहले नांदगांव दुर्ग भिलाई में भी उसका कोई सप्लाई चेन है या नहीं यह भी पता कर रही है। एक टीम गोंदिया भेज कर उसके चेन की भी पड़ताल की जा रही।इन सभी प्रश्नों की जांच के लिए पुलिस उसे एनडीपीएस कोर्ट में पेश कर रिमांड पर ले सकती है।
गंज पुलिस ने अपने डेली अपराध रिपोर्ट में सुबह इसकी कीमत 80 लाख रुपये बताया था। दोपहर एक विस्तृत प्रेस नोट जारी कर कीमत 8.38 लाख रुपये बताया। इसे लेकर महकमे में तरह-तरह की चर्चा थी। एक जानकारी के अनुसार रायपुर में 1 ग्राम कोकीन की कीमत 20 हजार रुपये है। इस मान से 16.56 ग्राम की कीमत 331200 रुपये होती है। ऐसे में 8 लाख के आंकड़े को लेकर भी चर्चा गर्म है।