रायपुर

गुरु घासीदास ने सामाजिक समरसता का दिया संदेश-साय
19-Dec-2025 9:08 PM
गुरु घासीदास ने सामाजिक समरसता का दिया संदेश-साय

पेंशनबाड़ा स्थित शासकीय अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति छात्रावास की क्षमता बढक़र होगी 300 सीटर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर , 19 दिसंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार राजधानी के पेंशनबाड़ा स्थित शासकीय आदर्श पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास परिसर में आयोजित  गुरु घासीदास  की 269वीं जयंती समारोह में शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी ने मनखे-मनखे एक समान का अमर संदेश देकर पूरी मानवजाति को सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का मार्ग दिखाया। उनका विचार आज भी समाज को जोडऩे और भेदभाव रहित व्यवस्था की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पेंशनबाड़ा  छात्रावास की क्षमता बढ़ाकर 300 सीटर किए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि  जब समाज ऊँच-नीच और असमानता से जूझ रहा था, तब छत्तीसगढ़ की धरती पर बाबा गुरु घासीदास जी का अवतरण हुआ—यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है। बाबा जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर समाज को नई दिशा दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत  ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती तभी सार्थक होगी, जब हम उनके उपदेशों को अपने जीवन में उतारें। उन्होंने युवाओं से सत्य के मार्ग पर अडिग रहते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया।

समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक पंथी नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में राजमहंत बंशी लाल कुर्रे,  संदीप सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट