रायपुर

बहतराई में राज्य युवा महोत्सव 23 से
19-Dec-2025 9:07 PM
बहतराई में राज्य युवा महोत्सव 23 से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 दिसम्बर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग 23 से 25 दिसंबर,को बिलासपुर में राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन  कर रहा है। जो राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में होगा। यह जानकारी देते हुए डिप्टी सीएम खेल युवा कल्याण अरूण साव ने मीडिया को बताया कि इस  महोत्सव अंतर्गत सम्मिलित 14 विधाओं की प्रतियोगिताएं होंगी । तीनों दिन  विभिन्न सांस्कृतिक एवं मंचीय कार्यक्रम होंगे ।

युवा महोत्सव में प्रतियोगिता हेतु 14 विधा सम्मिलित है जिसमें 8 दलीय विधाए तथा 6 एकल विधाए सम्मिलित हैं दलीय विधाओं में लोक नृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, करमा नृत्य, लोक गीत, रॉक बैंड एवं एकांकी सम्मिलित है तथा एकल विधाओं में वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार (साईस मेला) तथा पारंपरिक वेशभूषा सम्मिलित है।

 उन्होंने बताया कि  विजेता प्रतिभागियों को दलीय विधा में प्रथम द्वितीय तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कार हेतु क्रमश: 20 हजार, 15 हजार एवं 10 हजार की राशि प्रदान किया जाएगा। एकल विधाओं के लिए प्रथम द्वितीय तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कार हेतु क्रमश: 5 हजार 3 हजार एवं 2 हजार की राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को 01-01 हजार रुपए का प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा । सांस्कृतिक प्रतियोगिता में 05 विधाओं (लोकनृत्य, लोकगीत, वाद-विवाद, चित्रकला एवं कविता लेखन) के विजेता प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा उत्सव 2026 दिल्ली में सम्मिलित होंगे।महोत्सव में प्रसिद्ध कलाकारों का गायन, बैण्ड परफॉर्मेंस, कवि सम्मेलन जैसे आयोजन भी किए जाएंगे जिसका विस्तृत तिथि बार विवरण साझा कर रहा हूं।व

23 दिसम्बर को उद्घाटन समारोह के दिन राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई में सायं 05 बजे से रात्रि 08 बजे के मध्य आरूग बैण्ड ( अनुज शर्मा) का प्रदर्शन, नारायणपुर के प्रसिद्ध मल्लखंब का प्रदर्शन किया जाएगा।

23 दिसम्बर को ही पुलिस ग्राऊण्ड बिलासपुर में रात्रि 08:30 बजे से कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय स्तर पर विख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास एवं टीम सम्मिलित होंगे।

24 दिसम्बर को राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई में सायं 06 बजे से काफिला बैण्ड एवं स्वप्निल लाईव बैण्ड द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।

25 दिसंबर को समापन समारोह  के दिन शायं 06 बजे  सुश्री आरू साहू तथा दायरा (बस्तर) बैण्ड की प्रस्तुति होगी साथ ही विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किया जाएगा।


अन्य पोस्ट