रायपुर

गौ हत्या के शक में युवक की पिटाई, मंदिर प्रांगण में शराबखोरी, एफआईआर
18-Dec-2025 7:58 PM
गौ हत्या के शक में युवक की पिटाई, मंदिर प्रांगण में शराबखोरी, एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 दिसम्बर। राजधानी रायपुर और उसके आसपास के इलाके में मारपीट की घटनाएं सामने आई है। इसमें ग्राम तुलसी में गौ हत्या के शक में बाइक सवार युवकों ने किशोर डाण्डेकर की पिटाई कर दी। वहीं खरोरा और राजेंद्र नगर में पुरानी रंजिश और मंदिर प्रांगण मेंशराब पीने से मना करने पर विवाइ हुआ। इस बीच पीडि़तों ने जाति सूचक गाली और महिलाओं से अभद्रव्यवहार का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई।

तिल्दा नेवारा पुलिस के मुताबिक ग्राम तुलसी वार्ड 5 में बुधवार सुबह मवेशी के अंतिम संस्कार के दौरान तीन युवकों ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। हमले में किशोर डाण्डेकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर में गहरी चोट आने से खून बहने लगा।

इसकी रिपोर्ट समीर डाण्डेकर ने थाना में दर्ज कराई। उसने बताया कि सुबह करीब 10 बजे गांव के तालाब के पास एक मवेशी बीमारी की वजह से मृत हो गई थी। जिसे उसके पिता किशोर डाण्डेकर उसका अंतिम कर रहा था। तभी वहां पर बाइक सवार तीन लडक़े आए। जिनमें से एक ने अपना नाम ओंकार यदु बताया और गाय काटने का आरोप लगाकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जिसे मना करने पर तीनों ने मिलकर हाथ-मुक्कों और हाथ में पहने कड़े से हमला कर दिया।

सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को थाना तिल्दा नेवरा ले जाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उधर  खरोरा के ग्राम घोरभी में पुरानी रंजिश को लेकर तीन लोगों ने एक युवक के साथ मारपीट कर दी। जितेंद्र ने बताया कि वह अपने परिजनों के साथ ब्यारा में धान की रखवाली कर रहा था, तभी गांव के सागर सेन, संतोष सेन और डिगेश सिरमौर वहां पहुंचे और पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तीनों ने हाथ-मुक्कों से हमला किया। एक आरोपी के हाथ में पहने कड़ा से हमला कर दिया। घायल को ईलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

राजेन्द्र नगर के पुरैना स्थित गुरु घासीदास मंदिर प्रांगण में शराब पीकर हंगामा करने और सतनामी समाज की महिलाओं से अभद्रता का मामले में तपन दीप के खिलाफ पुलिस अपराध दर्ज किया है।  पुलिस के मुताबिक सतनामी समाज के लोगों ने इसकी शिकायत थाना में की। बताया कि कल शामशोभायात्रा से लौटने पर महिलाओं और बच्चों ने देखा कि तपन दीप उडिया मंदिर परिसर में शराब पीकर बोतल तोड़ते हुए गाली-गलौज कर रहा था। जब समाज के लोगों ने उसे रोका, तो उसने महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी।

घटना की सूचना 112 पर दी गई। पुलिस ने धारा 299, 296 एवं 115(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।


अन्य पोस्ट