रायपुर

प्रदेश कड़ाके की ठंड कोहरे की चपेट में
18-Dec-2025 7:52 PM
प्रदेश कड़ाके की ठंड कोहरे की चपेट में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 दिसम्बर। राजधानी सहित पूरे प्रदेश इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसके साथ ही देर शाम से कोहरे और धुंध भी  देखी जा रही है। पिछले कुछ दिनों से ठंड का ग्राफ बढऩे से शीतलहर जैसे हालात बन गए। है। इस बीच मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आगामी 3 से 4 दिनों के भीतर प्रदेश के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। विशेषकर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के इलाकों में शीतलहर का प्रभाव देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग के अनुसार सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग में ठंड के साथ-साथ कोहरे का असर भी बढ़ेगा। गुरुवार सुबह राजधानी रायपुर सहित रायगढ़, अंबिकापुर, सरगुजा, मैनपाट और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा।

प्रदेश में गुरुवार को दिन का सर्वाधिक तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसमी प्रणाली नहीं है, जिससे मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट की संभावना बनी हुई है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान: लगभग 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

शीतलहर के मद्देनजऱ रायपुर नगर निगम अलर्ट मोड पर आ गया है। महापौर मीनल चौबे एवं नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने सभी जोन कमिश्नरों और स्वास्थ्य अधिकारियों को रात के समय फील्ड में रहकर अलाव व्यवस्था की सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं।

नगर निगम द्वारा शहर के 12 प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी गई है, जिससे बेघर लोगों, राहगीरों और जरूरतमंदों को कड़ाके की ठंड से राहत मिल सके।


अन्य पोस्ट