रायपुर

डीडी नगर में महिला की संदिग्ध मौत, ससुरालियों पर शक
16-Dec-2025 8:05 PM
डीडी नगर में महिला की संदिग्ध मौत, ससुरालियों पर शक

रायपुर, 16 दिसम्बर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर के चंगोराभाठा इलाके में एक विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।  घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान रुचि जैतवार के रूप में हुई है, जो अपने घर में मृत अवस्था में पाई गई। परिजनों और आसपास के लोगों की  सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतिका के पति ने पुलिस को बताया कि बीती रात उसका रुचि के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद रुचि कमरे में चली गई, जहां उसने पंखे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं, मृतिका के मायके पक्ष ने इस पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस  मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


अन्य पोस्ट