रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 दिसंबर। कबीर नगर स्थित एम्स रेसीडेंसी परिसर में शनिवार देर रात कपड़ा व्यवसाय से जुड़े दो भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला हुआ। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कपड़े के कारोबारी आकाश सखूजा शनिवार रात 10 बजे अपने दोस्तों के साथ एक जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गए थे। इसी दौरान कुछ युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारी के साथ बदसलूकी करने लगे। आरोप है कि युवकों ने कर्मचारी को धमकाते हुए हंगामा किया।
डरे हुए कर्मचारी ने तत्काल फोन कर आकाश सखूजा को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर आकाश विवाद सुलझाने के उद्देश्य से मौके पर पहुंचे, लेकिन बातचीत के बजाय आरोपी युवक और अधिक उग्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर बाद आरोपी एम्स रेसीडेंसी परिसर पहुंचे और आकाश के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी।
विवाद बढऩे पर आरोपियों ने अचानक चाकू निकालकर आकाश सखूजा पर हमला कर दिया। आकाश को बचाने के लिए उनके भाई विशाल सखूजा बीच-बचाव में आए, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। हमले में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।