रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 दिसंबर। क्रेडा के अनुबंधित तकनीशियनों ने गुरुवार को अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी से मुलाकात कर अपनी सेवा-संबंधी समस्याओं का समाधान निकालने की मांग की। क्रेडा में कार्यरत ये क्लस्टर तकनीशियन विगत अनेक वर्षों से राज्य के विभिन्न सौर ऊर्जा संयंत्रों के संचालन एवं रखरखाव कर रहे हैं। वर्तमान में तकनीशियनों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है तथा कई गंभीर समस्याएँ लंबे समय से अनसुलझी हैं।
उन्होंने बताया कि दो माह से वेतन भुगतान बंद नियमित फील्ड कार्य के बावजूद गत दो माह से वेतन लंबित है। अनेक बार अवगत कराने के बाद भी विभाग द्वारा कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। तकनीशियनों के लिए किसी भी प्रकार की बीमा सुविधा और ईपीएफ लागू नहीं है। फील्ड कार्य हेतु आवश्यक सुरक्षा उपकरण नहीं दिए जाते।
प्रतिदिन अनावश्यक दबाव, कठोर निर्देश एवं अभद्र भाषा का उपयोग किया जा रहा है, जो पूर्णत: अनुचित एवं अस्वीकार्य है।
तकनीशियनों एवं हेल्परों की मौतें विभागीय लापरवाही के कारण हुईं, परंतु आज तक किसी भी घटना की जिम्मेदारी क्रेडा द्वारा स्वीकार नहीं की गई। हाल में तकनीशियन उत्तम चंद्राकर का फील्ड कार्य से लौटते समय सडक़ दुर्घटना में निधन अत्यंत पीड़ादायक है। लगातार कार्यदबाव, असुरक्षित कार्य-परिस्थितियाँ एवं विभागीय उपेक्षा इस घटना को और अधिक गंभीर बनाती है।