रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 दिसंबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ की जिला शाखा रायपुर द्वारा कोषालय में जल संसाधन विभाग के संविदा, दैनिक वेतन भोगी, अनियमित कर्मचारियों को प्रति माह ?4000 सम्मान निधि देने संबंधी देयक को रोक दिया गया है। इससे नाराज कर्मचारियों ने आज संघ के अध्यक्ष रामचंद्र टांडी, कर्मचारी नेता विजय कुमार झा के नेतृत्व में कोषालय में नारेबाजी प्रदर्शन कर विरोध प्रकट किया। बिना वेतन के कर्मचारी परेशान है, घरों में खाने पीने की व्यवस्था नहीं है। क्योंकि दीपावली के कारण सितंबर एवं अक्टूबर दोनों माह का वेतन दिपावली के पूर्व भुगतान हो गया था। इसके कारण कर्मचारियों में आर्थिक संकट है। श्री झा ने आरोप लगाया है कि दोनों पार्टियों की सरकारों ने अनियमित कर्मचारियों को निमित्तिकरण का वादा किया था। लंबे आंदोलन के बाद नियमित न कर पाने के कारण ?4000 प्रति माह श्रम सम्मान निधि देने का निर्णय श्री भूपेश बघेल सरकार में हुआ था। अन्य विभागों में श्रम सम्मान निधि 4000/-रू प्रति माह भुगतान हो रहा है। स्वयं जल संसाधन विभाग के अन्य जिलों में भुगतान हो रहा है, किंतु रायपुर राजधानी में कोषालय अधिकारी इस आधार पर देयक को वापस लौटा रहे है कि जो लोग संविदा, अनियमित कर्मचारी, दैनिक वेतन भोगी है, उनके नियुक्ति आदेश की प्रति संलग्न की जावे। इससे नाराज कर्मचारियों ने आज जिला कोषालय कलेक्टोरेट में नारेबाजी प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष राम चंद्र तांड़ी एवं कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने किया। जिला कोषालय अधिकारी श्री गजानंद पटेल से विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने शासन के पुराने आदेश जिसमें नियुक्ति आदेश नहीं होने पर श्रम सम्मान निधि नहीं मिलेगा, का उल्लेख किया?। इससे कर्मचारी नाराज हो गए की 10 -15 वर्षों से कार्य कर रहे हैं? विधिवत् ऑनलाइन वेतन का भुगतान हो रहा है। उसके बाद कर्मचारी इसके लिए दोषी नहीं है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री श्री ओ पी चौधरी से मांग की गई है कि तत्काल सभी विभागों में निमित्तिकरण न करने के पश्चाताप के रूप में ?4000 प्रति माह श्रम सम्मान निधि सभी विभागों और सभी जिलों में भुगतान किया जाए। अन्यथा अनियमित कर्मचारी आंदोलन का मार्ग अपनाएंगे।