रायपुर

रेगहा खत्म होने के बावजूद खेत पर कब्जा, जबरन हार्वेस्टर से धान कटवाकर ले गए
01-Dec-2025 8:28 PM
रेगहा खत्म होने के बावजूद खेत पर कब्जा, जबरन हार्वेस्टर से धान कटवाकर ले गए

महिला ने लगाए चोरी करने का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 दिसंबर। नगरपंचायत कुंरा में एक महिला की खरीफ फसल को जबरन कटवाकर चोरी कर ले जाने का मामला सामने आया है। अनीता ने संतू लाल कोशले और उसके परिजनों पर खेत में उत्पात मचाकर धान चोरी करने का आरोप लगाया है। उसने धरसींवा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

गोंदिया, महाराष्ट्र निवासी अनीता संबर, जिनकी ससुराल पक्ष की खेती की भूमि खसरा नंबर 490, 503— कुल रकबा 0.0490 हे., 0.1700 हे. कुंरा में स्थित है। यह जमीन उनके बड़े ससुर स्व. मन्नू संबर, स्व. हेमेंद्र संबर और चाचा ससुर राजेंद्र संबर के नाम पर थी। जिसे नामांतरण के बाद भूमि वर्तमान में राजेंद्र संबर, आशा संबर, पूजा संबर, आरती संबर, प्रकाश संबर, रूखमणी संबर, कविता संबर और नीलम संबर के नाम पर दर्ज है।

अनीता ने बताया कि वर्ष 2003 में इस भूमि को संतू लाल कोशले और उसके परिवार 2 वर्षों के लिए रेगहा पर लिया था। रेगहा समाप्त होने के बाद भी वे लोग जबरदस्ती खेती करते रहे हैं। वर्ष 2025 में  धरसींवा तहसील से सीमांकन कराकर जमीन पुन: कब्जे में लेने के बाद अनीता ने खरीफ फसल लगाई थी।

जब वह फसल कटाई के लिए खेत पहुंची, तो संतू कोशले, उसकी पत्नी कमला, बेटी सविता और अन्य परिजनों ने एक राय होकर कटाई में बाधा उत्पन्न की। इसी बीच मौका पाकर आरोपियों ने हार्वेस्टर मंगवाकर फसल कटवा ली, और कटे हुए धान को ट्रैक्टर में भरकर अपने घर ले गए। इसकी रिपोर्ट उसने धरसीवां पुलिस में की।उसने सभी आरोपियों के खिलाफ धान चोरी का मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट