रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 नवंबर। सरगुजा से लेकर खैरागढ़ तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में शीत लहर की चपेट में है। मौसम विभाग ने राहत आयुक्त को भी इसका अलर्ट भेजा है।आज सुबह जारी यलो अलर्ट में कहा है कि 15 नवंबर तक प्रदेश के 15 जिलों में शीतलहर बनी रहेगी। इनमें केसीजी, राजनांदगांव, दुर्ग, कवर्धा, मुंगेली, बिलासपुर,जीपीएम, कोरबा, कोरिया, एमसीबी, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर के एक दो इलाके में शीत लहर चलेगी।
वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान जगदलपुर में 30.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसी के साथ ही सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि प्रदेश में उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाओं का आगमन लगातार जारी है।इसके कारण प्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट के साथ विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं ह। वहीं 17 नवंबर से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ में ठंड से कुछ राहत मिलने की सम्भावना बन रही है प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके अलावा अगले एक सप्ताह तक वर्षा की सम्भावना नहीं है।
राहत प्राधिकरण से कोई आदेश नहीं
मौसम विभाग 8 नवंबर से लगातार राहत आयुक्त और राजस्व आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को शीतलहर के अलर्ट जारी कर रहा है। लेकिन अब तक प्राधिकरण के द्वारा ठंड से बचाव राहत को लेकर कोई उपायात्मक आदेश निर्देश जिलों को जारी नहीं किया गया है।


