रायपुर
लोगों ने रिंग रोड-3 को जाम किया, शाम तक मुआवजा नहीं तो कल शवों के साथ फिर जाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 नवंबर। रविवार रात टाटीबंध इलाके के हीरापुर जरवाय रोड पर स्थित एक पानी भरे गहरे गड्ढे में डुबने से दो बच्चों की मौत हो गई। इसके बाद बच्चों के माता-पिता, अन्य परिजनों और मोहल्ले वालों ने बंगाली होटल चौक के पास रिंग रोड को जाम कर दिया है।
मृतक आलोक, और सत्यम दो परिवार के हैं। इनकी उम्र 8-9 वर्ष बताई गई है। रातभर चले तलाशी अभियान के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला। तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि यह गड्ढा डेढ़ वर्ष से ऐसे खुला छोड़ दिया गया है। न बैरिकेडिंग की गई न ही आसपास लाईट लगाई गई। यह गड्ढा एक निजी जमीन पर एक कंपनी ने खोद रखा था।
वहीं, घटना के बाद इलाके का माहौल बेहद गमगीन है। मृत बच्चों के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसी और रिश्तेदार घर के बाहर जुटे हैं और हर कोई प्रशासन की अनदेखी पर नाराजगी जाहिर कर रहा है।कबीर नगर थाना प्रभारी सुनील दास ने बताया कि घटना की जानकारी सुबह प्राप्त हुई। मौके पर पहुंचकर पुलिस और बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई की। दोनों बच्चों के शवों को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।
हत्या का मामला दर्ज हो
चक्का जाम कर रहे प्रदर्शन कारी अब जमीन मालिक, और कंपनी पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। कबीर नगर पुलिस मौके पर पहुंच कर लोगों से चर्चा कर रही है। वहीं रिंग रोड पर टाटीबंध से भनपुरी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है। लोगों ने सडक़ के बीच बड़े पाइप, लोहे के स्टापर लगा कर रिंग रोड को जाम कर रखा है। दोपहर करीब डेढ़ बजे मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद शर्तिया जाम खत्म किया। लोगों का कहना था कि आज शाम तक मृत बच्चों के परिजनों को मुआवजा दिया जाए। उक्त गड्ढा खोदकर छोडऩे वाले बिल्डर कंपनी संचालकों पर हत्या का अपराध दर्ज हो। लोगों ने चेतावनी दी कि यह काम आज शाम तक न होने पर कल पुन: बच्चों के शव के साथ चक्काजाम किया जाएगा। तब तक के लिए बच्चों का अंतिम संस्कार भी नहीं किया जाएगा।
जोन कमिश्नर को दोषी ठहरा रहे लोग
इसकी शिकायत निगम की जोन कमिश्नर से भी कई बार की गई। लोगों का कहना है कि वैसे तो जोन कमिश्नर आए दिन नोटिस देती रहती है लेकिन शिकायत के बाद कंपनी और जमीन मालिक को नोटिस तो दूर एक दिन इस गड्ढे को देखने नहीं पहुंची। यह घटना उनकी लापरवाही,नजरअंदाजी की वजह से हुई है। इस घटना ने गुढिय़ारी के कृष्णा नगर सोसायटी में पिछले वर्ष हुई ऐसी ही घटना की याद दिला दी है।