रायपुर

मॉडल में देखें विकास की झलक..., आज समापन
05-Nov-2025 8:20 PM
 मॉडल में देखें विकास की झलक..., आज समापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 नवंबर। श्रम विभाग की विशेष प्रदर्शनी ने लोगों के मन में विशेष आकर्षण एवं उत्साह पैदा किया है। श्रम विभाग की प्रदर्शनी में राज्य के श्रमिकों की मेहनत, विकास और सरकारी नीतियों के समन्वय की कहानी को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया गया है। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की योजनाओं के माध्यम से लाखों श्रमिक परिवारों को शिक्षा सहायता, स्वास्थ्य सुविधा, मातृत्व लाभ और पेंशन का लाभ मिल रहा है।    प्रदर्शनी में डिजिटल डिस्प्ले और दृश्य सामग्री के ज़रिए श्रमिक सशक्तिकरण की इस 25 वर्षीय यात्रा को जन–जन तक पहुँचाया जा रहा है। बाल श्रम उन्मूलन, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार सृजन जैसे विषयों को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया है।

पुलिस की डिजीटल प्रदर्शनी, दंड से न्याय के दृष्टिकोण पर

 राज्योत्सव, 2025 में पुलिस विभाग ने तकनीकी माध्यमों से अपनी उपलब्धियों सहित नवीन कानूनी प्रावधानों को डिजीटल अंदाज में पेश किया है।  पुलिस ने  इस बार दंड से न्याय के दृष्टिकोण पर आधारित नवीन कानूनों का प्रदर्शनी लगाया है,। इस प्रदर्शनी में पुलिस विभाग, डॉयल. 112, सीन ऑफ क्राइम यूनिट, हास्पिटल, एफएसएल, अभियोजन, जिला न्यायालय, कारागृह, उच्च न्यायालय के स्टाल लगाये गये हैं। न्याय व्यवस्था के उक्त पांच प्रमुख स्तंभों की कार्य प्रणाली को नाट्य रूप में प्रस्तुत किया जाकर प्रदर्शनी को जीवंतता प्रदान करने प्रयास किया गया है, जो रोचक व आकर्षक है। प्रदर्शनी में तकनीकी अनुसंधान और समन्वय के माध्यम से अपराध जॉच और न्यायालयीन प्रकिया को सटीकता के साथ प्रस्तुत किया गया है। अभियोजन और न्यायिक कार्यवाहियों की आनलाईन ट्रैंक्रिग प्रणाली को भी प्रस्तुत किया गया है।  प्रदर्शनी देखने आने वाले नागरिकों और छात्र छात्राओं के लिए क्विज व खेल.खेल में कानून को समझाने का एक अच्छा प्रयास किया गया है, जिसमें रोचक इंटरएक्टिव कार्यक्रम रखे गये हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से नवीन अपराधिक कानूनों के प्रावधानों को सरल और रोचक तरीके से समझाया जा रहा है। पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।


अन्य पोस्ट