रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि आज बस्तर में नक्सलवाद पीछे जा रहा है तो इसके पीछे कांग्रेस की नीतियां है।बस्तर में हमने विश्वास, विकास, सुरक्षा के मंत्र को लेकर पांच सालों तक जो काम किया उसी का परिणाम है आज सफलता मिल रही है । बैज ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने दूरस्थ एरिया में सडक़े बनवाई, 15 सालों की भाजपा सरकार में जहां राशन नहीं पहुंच पाता था, लोगों को और फोर्स को महीनों राशन का इंतजार करना पड़ता था वहां तक सडक़े बनवाई।रिमोट एरिया में सुरक्षा बलों के कैंप बनाए।सुरक्षा बलों और स्थानीय निवासियों के बीच बेहतर समझ का माहौल तैयार किया, लोगों का भरोसा सुरक्षा बलों के प्रति बढ़ा।बस्तर में बंद सैकड़ों स्कूलों को फिर से चालू किया। 65 से अधिक वनोपजो को खरीदने की व्यवस्था की, उनका वैल्यू एडिशन किया, बस्तर में डेनक्स जैसे संस्थानों की स्थापना की, अबूझमाड़ में पुल बनाया। रोजगार के साधन बनाए। हमारे प्रयासों का नतीजा था कि 2021 में ही केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अधिकृत तौर पर कहा कि बस्तर से नक्सलवाद 65 प्रतिशत कम हो गया है।
कांग्रेस की सरकार के प्रयासों से बस्तर में नक्सलवाद 40 किमी के दायरे में सिमट गया था। बैज ने फिर दोहराया कि यह सरकार तो केवल इवेंट कर रही, मुख्यमंत्री यह बताए कि 2024 के बाद उन्होंने कितने कैंप बनाए।बस्तर के लिया ऐसा क्या किया जिसे वे उपलब्धि बता सकते है।आज के पहले जितने नक्सली सरेंडर किए उनका डिटेल तो यह दे नहीं पाए।
बैज ने कहा कि बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना, कुछ ऐसे ही हालात हमारे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के भी है। भाजपा नेतृत्व ने स्टार प्रचारकों की जो सूची घोषित की उसमें यूपी, आसाम, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री तो शामिल है हमारे वाले का नाम नहीं शामिल है। छत्तीसगढ़ में बिहार दिवस मनाये थे यही बताने के लिए सूची में नाम डाल देते। यह तो घोर अन्याय है, माल जले मकरंद का, मुल्ला खेले फाग।


