रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 अक्टूबर। गुरुवार सुबह निगम के करीब 850 सफाई कर्मचारियों (मित्र) ने कंपनी के दो डिपो पर ताला जड़ हड़ताल पर चले गए। सभी कर्मचारी दलदल सिवनी स्थित डंपिंग यार्ड पहुंच गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि सुपरवाइजर के द्वारा लगातार उन्हें प्रताडि़त किया जा रहा है। वेतन वृद्धि समेत अन्य सुविधाओं की मांगों को लेकर पिछली हड़ताल में आश्वासन दिया गया था जो अब तक पूरी नहीं हुई है। इसके विरोध में गोकुल नगर और दलदल सिवनी एरिया के रामकी कंपनी के दोनों सफाई डिपो में तालाबंदी कर कर्मचारी मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए हैं । दोपहर इनकी निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में कंपनी के प्रबंधकों से चर्चा हुई। इस चर्चा में इन कर्मियों ने 15 दिसंबर तक वेतन वृद्धि करने का समय तय किया। न होने की स्थिति में पुन: हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी। और आज का प्रदर्शन खत्म किया। कल से सभी अपने काम पर लौटेंगे।


